कोंढा कोसरा में वाहन चालकों का हाई-वोल्टेज ड्रामा (सौजन्य-नवभारत)
Pavani Petrol Pump Protest: ‘गाड़ी में तेल नहीं, यहीं रात गुजारेंगे।’ इसी आक्रोश के साथ भंडारा जिले में मंगलवार रात एक पेट्रोल पंप पर हालात बेकाबू हो गए। एक ओर प्रशासन पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पवनी तहसील के कोंढा कोसरा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर अचानक सप्लाई ठप होते ही सैकड़ों वाहन चालक भड़क उठे। देखते ही देखते पंप परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, हंगामा शुरू हो गया और देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9.45 बजे पेट्रोल पंप संचालक ने अचानक पेट्रोल और डीजल खत्म होने की बात कहकर वितरण बंद कर दिया। इतना ही नहीं, पंप की बिजली भी बंद कर दी गई, जिससे अंधेरे में खड़े वाहन चालक परेशान होते रहे। इस दौरान एक चालक ने गुस्से में कहा कि उसकी गाड़ी में घर जाने तक का पेट्रोल नहीं है, अब यहीं रात गुजारनी पड़ेगी। यह सुनते ही अन्य लोग भी भड़क उठे और संचालक को खरी-खोटी सुनाने लगे। स्थिति ऐसी बन गई कि मामला आग में पेट्रोल डालने जैसा हो गया।
कुछ वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि पंप पर पर्याप्त पेट्रोल मौजूद होने के बावजूद जानबूझकर आपूर्ति रोकी गई। इससे आम लोगों को नाकों चने चबाने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। हालांकि, पंप संचालक मंगेश ओके ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वास्तव में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया था, इसलिए पंप बंद करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जनरेटर में डालने के लिए डीजल भी नहीं था, जिसके कारण बिजली बंद करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें – अमरावती: एम्बुलेंस ने PSI की कार को मारी टक्कर, 10 साल की मासूम बेटी की मौत, स्कूल में आयी थी फर्स्ट
इस बीच, जिला आपूर्ति अधिकारी नरेश वंजारी ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने बताया कि भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल कंपनियों के अधिकारियों से चर्चा के बाद यह सुनिश्चित किया गया है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें। साथ ही साठेबाजी या कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मंगेश ओके के मुताबिक, कुछ लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल लेने की मांग कर रहे थे, जबकि कई लोग कैन में पेट्रोल भरवाने पर अड़े थे। कुछ वाहन चालक बार-बार लाइन में लगकर पेट्रोल लेने की कोशिश कर रहे थे, जिससे अव्यवस्था फैल गई और अंततः पंप बंद करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि एक जरूरतमंद चालक को उन्होंने अपनी गाड़ी से पेट्रोल निकालकर दिया। इस घटना के बाद जिले के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी लंबी कतारें देखने को मिलीं। भंडारा शहर के प्रगति कॉलोनी स्थित पंप सहित तुमसर, मोहाडी और जवाहर नगर में भी लोगों की भीड़ उमड़ी। अफवाहों के चलते लोग आसमान सिर पर उठाए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।