युवक ने की आत्महत्या (सौजन्य-नवभारत)
Suicide Before Wedding Bhandara: भंडारा जिले के लाखांदुर तहसील के परसोडी/पाऊलदौना गांव में 26 वर्षीय युवक ने शादी से महज चार दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक का नाम राजेश अविनाश भेंडारकर (26) है। राजेश की शादी 16 मार्च को होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
इसी बीच गुरुवार को तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच राजेश ने घर के पास खेत की मेड़ पर स्थित आम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। सुबह करीब 6 बजे गोठे का कचरा फेंकने गई एक महिला ने उसे पेड़ से लटका हुआ देखा। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पालांदुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि राजेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और वह चंद्रपुर जिले की एक सीमेंट कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था।
यह भी पढ़ें – तुमसर नगर परिषद में बवाल, विशेष सभा में नगराध्यक्ष ही रहे नदारद, पार्षदों में भारी नाराजगी
शादी में केवल चार दिन शेष रहते हुए राजेश ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है। इस घटना से भेंडारकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और खुशी का माहौल मातम में बदल गया है। इस मामले में पालांदुर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 4/2026 दर्ज किया है। थाना प्रभारी सतीश बनसोड के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार देवेंद्र मासुरकर आगे की जांच कर रहे हैं।