Bhandara Durga Mata Temple News: भंडारा विदर्भ के प्रसिद्ध श्रद्धास्थल दुर्गा माता मंदिर परिसर में पिछले छह महीनों से एक भालू ने डेरा जमा रखा है। खासतौर पर सुबह करीब 8 बजे भालू मंदिर परिसर में खुलेआम घूमता नजर आया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चप्राड पहाड़ी क्षेत्र में भालू की बढ़ती मौजूदगी से रोजाना दर्शन के लिए आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं में भय का माहौल बना हुआ है। अब यह भालू केवल दिखाई ही नहीं दे रहा, बल्कि उत्पात भी मचा रहा है। मंदिर परिसर में पूजा सामग्री की दुकानों में तोड़फोड़ कर वह खाने की तलाश में नुकसान पहुंचा रहा है। इसके चलते जो परिसर पहले देर रात तक गुलजार रहता था, अब शाम 6 बजे के बाद सुनसान हो जाता है।
मंदिर समिति के अनुसार, दो महीने पहले ही वन विभाग को लिखित रूप से भालू के बंदोबस्त की मांग की गई थी। लेकिन अधिकारियों ने केवल औपचारिक दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जबकि भालू को पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी पर घना जंगल न होने के कारण भालू सीधे मानव क्षेत्र, विशेषकर मंदिर परिसर तक पहुंच रहा है। ऐसे में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना या श्रद्धालुओं पर हमले की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया है कि बारबार निवेदन के बावजूद वन विभाग क्यों निष्क्रिय है। मंदिर समिति ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो श्रद्धालु आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।