Amravati Crime News: अमरावती शहर के संतोषी नगर इलाके में हुए सनसनीखेज चाकूबाजी प्रकरण ने अब गंभीर रूप ले लिया है। 24 मार्च को हमले में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय मयूर किशोर सोलंके की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या में दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की रात मयूर अपने दोस्तों के साथ संतोषी नगर गार्डन के पास बैठा था। इसी दौरान 2 से 3 हमलावर वहां पहुंचे और उस पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले मयूर को पकड़ लिया और फिर उसके पेट व सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
मयूर को तत्काल डॉ. पंजाबराव देशमुख मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले 10 दिनों से जीवन के लिए संघर्ष कर रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अस्पताल और संतोषी नगर क्षेत्र में कड़ा बंदोबस्त तैनात किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश कारण हो सकती है। इस मामले में तीन आरोपियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पहले यह मामला जानलेवा हमले का था, लेकिन अब इसे हत्या में परिवर्तित कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।