

Bhandara Adyal CCTV Cameras: भंडारा-चंद्रपुर राज्य महामार्ग पर स्थित ऐतिहासिक अड्याल गांव में अब छेड़छाड़, उपद्रव और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले धूम स्टाइल बाइकर्स पर लगाम कसने की तैयारी शुरू हो गई है।
बढ़ती असामाजिक गतिविधियों और बेतरतीब यातायात को नियंत्रित करने के लिए अड्याल डिजिटल ग्राम पंचायत ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए गांव में 15वें वित्त आयोग के निधि से 16 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। इससे पूरे गांव को निगरानी और सुरक्षा का मजबूत कवच मिलने की उम्मीद है।
अड्याल आसपास के करीब 77 गांवों का प्रमुख केंद्र है और इसे अपर तहसील का दर्जा प्राप्त है। नागपुर, वर्धा, गड़चिरोली, चंद्रपुर और गोंदिया सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां प्रतियोगी परीक्षाओं तथा पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए अड्याल आते हैं। इसके कारण गांव के प्रमुख स्थानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।पिछले कुछ दिनों से बस स्टैंड, मुख्य चौक और चाय की दुकानों के आसपास युवकों की ओर से उपद्रव करने, युवतियों से छेड़छाड़ करने तथा तेज रफ्तार में वाहन चलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही थीं।
इसके अलावा बेतरतीब पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्राम पंचायत ने गांव के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया।
ग्राम पंचायत ने नियोजनबद्ध तरीके से स्कूल और कॉलेज परिसर, मुख्य बाजार, गुजरी चौक, सब्जी एवं मांस बाजार, महामार्ग स्थित बस स्टैंड तथा यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण चौक और बेतरतीब पार्किंग वाले क्षेत्रों में कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा गांव की जलापूर्ति योजना, स्ट्रीट लाइट, सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा तथा खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के लिए भी इन कैमरों की मदद ली जाएगी।
सभी 16 हाईटेक कैमरों की लाइव निगरानी व्यवस्था अड्याल के सरपंच शिवशंकर मुनगाटे और उपसरपंच शंकर मानापुरे के कक्ष में स्थापित की गई है।सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था शुरू होने के बाद विशेष रूप से महिला, छात्राओं और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर संतोष का माहौल है। ग्राम पंचायत की इस डिजिटल पहल से अड्याल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही यातायात अनुशासन और स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।