Chhatrapati Sambhajinagar: दिव्यांग महिला की दुकान पर चला जेसीबी, संजय राउत व बच्चू कडू का फूटा गुस्सा
Bachhu Kadu Help Disabled: छत्रपति संभाजीनगर में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दिव्यांग महिला की मिट्टी के बर्तनों की दुकान तोड़ दी गई। इस घटना का हृदय विदारक वीडियो वायरल होने के बाद गरमाई सियासत।
- Written By: गोरक्ष पोफली
अजीक्रमण हटाता जेसीबी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Disabled Woman Shop Demolished: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर संवेदनाओं का सैलाब ला दिया है। शहर में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान के दौरान एक दिव्यांग महिला की छोटी सी मिट्टी के बर्तनों की दुकान को जेसीबी (JCB) से जमींदोज कर दिया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीति और समाज के विभिन्न वर्गों से तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
छत्रपति संभाजीनगर के गजानन मंदिर परिसर में नगर निगम का दस्ता अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। वहां अर्चना पारखे नामक एक दिव्यांग महिला फुटपाथ के किनारे मिट्टी के बर्तन (मटके) बेचकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करती थीं। प्रशासन की टीम ने बिना किसी मानवीय संवेदना के जेसीबी चलाकर उनकी पूरी दुकान नष्ट कर दी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकान टूटने के बाद वह दिव्यांग महिला बेबस होकर जमीन पर बिखरे हुए मटकों के टुकड़ों को इकट्ठा करने की कोशिश कर रही है। उसकी आंखों में आंसू और चेहरे पर छाई लाचारी ने नेटिजन्स को आक्रोशित कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब बड़े रसूखदारों के अतिक्रमण की बात आती है तो प्रशासन नरम पड़ जाता है, लेकिन एक गरीब और लाचार महिला के पेट पर लात मारने में जरा भी देरी नहीं की गई।
सम्बंधित ख़बरें
गुमशुदा गृहमंत्री! संजय राउत का बड़ा दावा, बोले- लापता गृहमंत्री अमित शाह की तलाश में दर्ज कराएंगे FIR
एक बस बनी शहर की मुसीबत, बीच रास्ते बंद हुई बस ने थाम दी छत्रपति संभाजीनगर की रफ्तार, जाम में फंसे हजारों लोग
जायकवाड़ी बांध के खोले गए 18 गेट, नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता, लोगों से नदी से दूर रहने की अपील
छत्रपति संभाजीनगर में सोना बचत योजना के नाम पर ग्राहक से 23 लाख का धोखाधड़ी, मालिक और कर्मचारी पर हुआ FIR
संजय राउत का तीखा हमला
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने इस घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए सरकार और प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया। राउत ने कहा, “यह अत्यंत क्रूर कृत्य है! ऐसे संवेदनहीन प्रशासन को क्रांति चौक पर खड़ा करके कोड़ों से मारना चाहिए।” उन्होंने राज्य सरकार की ‘लाडकी बहिन योजना’ पर तंज कसते हुए आगे कहा कि सरकार एक तरफ लाड़ली बहनों की बात करती है और दूसरी तरफ एक दिव्यांग बहन के चेहरे की वेदना उन्हें दिखाई नहीं देती।
बच्चू कडू ने ली सुध, अधिकारी को दी चेतावनी
दिव्यांगों के हक की लड़ाई लड़ने वाले नवनिर्वाचित विधायक बच्चू कडू ने भी इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। खबर मिलते ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को तुरंत अर्चना पारखे की मदद के लिए भेजा। बच्चू कडू ने संबंधित अधिकारी को फोन लगाकर जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति की आजीविका पर प्रहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कडू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उक्त महिला के व्यवसाय के लिए तुरंत वैकल्पिक जगह और सहायता उपलब्ध कराई जाए।
यह भी पढ़ें: Chhatrapati Sambhajinagar में कचरा प्रबंधन का नया युग, 490 वाहनों से घर-घर कलेक्शन; नई व्यवस्था लागू
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह घटना एक बार फिर प्रशासन की लालफीताशाही और गरीब विरोधी रवैये को उजागर करती है। हालांकि प्रशासन इसे नियमों का पालन बता रहा है, लेकिन नागरिकों का सवाल है कि क्या नियम केवल निर्बलों के लिए ही होते हैं? फिलहाल, अर्चना पारखे को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर मुहिम तेज हो गई है।
