संत गुरु रविदास के विचारों से बनेगा समरस और सशक्त समाज, छत्रपति संभाजीनगर में BJP का वंदन कलश वितरण समारोह
BJP Organized Samarasata Kalash: गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर छत्रपति संभाजीनगर में भाजपा ने वंदन कलश समारोह आयोजित किया। रविंद्र चव्हाण ने समरस और सशक्त समाज का आह्वान किया।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
संत गुरु रविदास जयंती के अवसर पर BJP का वंदन कलश समारोह (फोटो नवभारत)
Sambhajinagar BJP Organized Samarasata Kalash: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे महाराष्ट्र में चलाए जा रहे ‘समर्पित समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को छत्रपति संभाजीनगर के मुकुंदवाड़ी स्थित कासलीवाल कॉम्प्लेक्स में वंदन कलश वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम की प्रमुख उपस्थिति रही। इस अवसर पर संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, बंधुत्व और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
संत गुरु रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक भेदभाव मिटाने, समानता स्थापित करने और मानव सेवा का संदेश दिया। आज के समय में उनके विचार समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि जाति, पंथ, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकजुट करना ही संत गुरु रविदास महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सम्बंधित ख़बरें
Amit Shah Mumbai Visit: सहकार नव-क्रांति का आगाज, अमित शाह करेंगे कई बड़ी पहलों की शुरुआत
छत्रपति संभाजीनगर: ऑपरेशन नारकोस में 10.736 किलो गांजा हुआ जब्त, दो तस्कर भी गिरफ्तार
25 साल सेवा पूरी करने वाले सफाई कर्मचारियों को मिले मुफ्त आवास, संभाजीनगर प्रशासन को कर्मचारी आयोग के निर्देश
HAJ 2027: संभाजीनगर से 1,151 यात्री चयनित, 1,301 वेटिंग लिस्ट में, जानें कबतक होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन…
राज्यभर में चल रहा है विशेष अभियान
भाजपा नेताओं ने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के प्रत्येक जिले में ‘समर्पित समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वंदन कलश वितरण, संतों के विचारों का प्रचार-प्रसार, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और समरस समाज निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
एक मंच पर जुटे विभिन्न संप्रदायों के संत
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि महानुभव, वारकरी, लिंगायत, वीरशैव, उदासीन अखाड़ा, सिख तथा अन्य अनेक धार्मिक परंपराओं के संत-महंत एक ही मंच पर उपस्थित हुए। सभी संतों ने वंदन कलश का पूजन कर समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। संतों ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज को जोड़ने और मानवता की सेवा का प्रेरणास्रोत है।
भाजपा नेताओं ने दिलाया समरसता का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संतों की शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास का संदेश केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि सामाजिक समरसता, समान अवसर और राष्ट्रीय एकता ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। प्रत्येक नागरिक को इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में विधायक नारायण कुचे, भाजपा प्रदेश महासचिव माधवी नाईक, विधायक बबनराव लोणीकर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. भागवत कराड, पूर्व विधायक संजय केनेकर, विधायक अनुराधा चव्हाण, विधायक संतोष पाटील दानवे, महापौर समीर राजूरकर, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष किशोर शितोले, विधान परिषद सदस्य सुभाष शिरसाठ, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजय खंबायते, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इद्रीस मुलतानी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वजीत गायकवाड सहित मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ेः- 30 हफ्तों में तैयार होगा मुंबई 3.0 का मास्टर प्लान, CM की उपस्थिति में हुई सिंगापुर की कंपनी से करार
समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान
समारोह के अंत में सभी संत-महंतों के करकमलों से वंदन कलश का पूजन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने संत गुरु रविदास महाराज के आदर्शों पर चलते हुए समरस, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में भी राज्यभर में इस अभियान के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
