सावंगी बाईपास हत्याकांड: 550 किमी का पीछा, चाय की टपरी से पकड़ाया आरोपी दंपती, मासूम की हत्या का खुलासा
Savangi Bypass Child Murder: 5 साल के दिव्यांग बच्चे की हत्या का खुलासा। पुलिस ने 550 किमी पीछा कर आरोपी दंपती को दबोचा। देउलगांव राजा की चाय टपरी से गिरफ्तारी, पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की।
- Written By: गोरक्ष पोफली
पुलिस की हिरासत में आरोपी (सोर्स: फाइल फोटो)
5 Year Old Child Murder Case Arrest: छत्रपति संभाजीनगर के सावंगी बाईपास क्षेत्र में खेत में मिले पांच वर्षीय दिव्यांग बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है । पुलिस ने करीब 550 किलोमीटर तक चार जिलों में पीछा करने के बाद आरोपी दंपती को देउलगांव राजा में एक चाय की टपरी से गिरफ्तार किया । पूछताछ में आरोपियों ने बच्चे की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है । हालांकि मृत बच्चे से उनका वास्तविक संबंध क्या था, इसे लेकर समाचार लिखे जाने तक रहस्य बना हुआ था।
मंगलवार 19 मई को सावंगी बाईपास क्षेत्र के एक खेत में पांच वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी । प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की । जांच के दौरान मृत बच्चे की पहचान ओंकार के रूप में हुई । वह संतोष ढाले और पूजा पाडेवाड के साथ रह रहा था । घटना के बाद दोनों के फरार होने से उन पर संदेह और गहरा गया।
चार जिलों में चला तलाश अभियान
आरोपियों की तलाश के लिए अपराध शाखा की टीम ने व्यापक अभियान चलाया । वाशीम, अकोला, अमरावती और बुलढाणा जिलों में करीब 550 किलोमीटर तक पीछा किया गया । इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी देऊलगांव राजा में मौजूद हैं । स्थानीय पुलिस की मदद से निरीक्षक ब्रह्मगिरी की टीम ने एक चाय की टपरी पर छापा मारकर दोनों को हिरासत में ले लिया।
सम्बंधित ख़बरें
100 दिन में सिर्फ नाम बदलने का काम हुआ, विकास के मुद्दों की अनदेखी, समीर साजिद का हमला
16 सीटों के लिए महायुती की बिसात, विधानपरिषद चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी, जानें किस दल को मिली कितनी सीटें?
जागे रेलवे अधिकारी, ठाणे स्टेशन पर सांसद म्हस्के और DRM ने लिया जायजा, 15-कोच लोकल और मानसून तैयारियों पर जोर
सुखना नदी किनारे छत्रपति संभाजीनगर मनपा का ऑपरेशन अतिक्रमण, 25 अवैध निर्माण ध्वस्त, दो मंजिला जिम भी तोड़ा
पूछताछ में हत्या की कबूली
पूछताछ के दौरान संतोष ढाले और पूजा पाडेवाड ने अपराध स्वीकार कर लिया । इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए एमआईडीसी सिडको पुलिस के हवाले कर दिया गया । निरीक्षक गजानन कल्याणकर ने बताया कि कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रविण वाघ, विजय निकम और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें: 16 सीटों के लिए महायुती की बिसात, विधानपरिषद चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी, जानें किस दल को मिली कितनी सीटें?
रिश्ते को लेकर बना रहस्य
पुलिस के अनुसार पूजा पाडेवाड पूछताछ में बार-बार बयान बदल रही है । कभी वह ओंकार को अपना बेटा बताती है, तो कभी बहन का बच्चा कहती है । इसी कारण पुलिस ने बच्चे और आरोपियों के संबंध स्पष्ट करने के लिए डीएनए जांच कराने का निर्णय लिया है।सूत्रों के अनुसार ओंकार को मौत से एक दिन पहले बुरी तरह पीटा गया था । अगले दिन भी वह लगातार रो रहा था । इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
