प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Sambhajinagar Jyotirlinga Yatra 2026: छत्रपति संभाजीनगर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में सम्मिलित घृष्णेश्वर महादेव मंदिर में 15 फरवरी से आठ दिवसीय वार्षिक यात्रा उत्सव का शुभारंभ होगा। यात्रा के दौरान लाखों भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी की हैं।
प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष सुदृढ़ व्यवस्था के चलते भक्त अधिकतम 2 घंटे में भगवान घृष्णेश्वर के दर्शन करेंगे। हर वर्ष फाल्गुन मास पर आयोजित यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से भक्त बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
प्रशासन के अनुमान के अनुसार, इस बार 4-5 पांच लाख से अधिक भक्तों के आगमन की संभावना को देखते हुए मंदिर संस्थान, पुलिस प्रशासन व एलोरा ग्रापं के समन्वय से दर्शन, सुरक्षा, यातायात व पार्किंग व्यवस्था को नया स्वरूप दिया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात को सुचारू रखने एलोरा व घृष्णेश्वर मंदिर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, केवल एंबुलेंस, अग्निशमन व अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।
मंदिर क्षेत्र में भक्तों के लिए विशेष दर्शन कतारें तैयार की गई हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने के साथ ही सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की बीआईपी, त्वरित या विशेष दर्शन योजना लागू नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को समान व्यवस्था के तहत कतार में लगकर ही दर्शन करने होंगे। यात्रा के दौरान मंदिर क्षेत्र में तीन अधिकृत पार्किंग स्थल उपलब्ध कराए गए हैं व इसका जिम्मा एलोरा ग्रापं को सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें:-गरवारे स्टेडियम विस्तार पर विवाद, 55 करोड़ की निविदा के साथ 75 पेड़ों की कटाई पर संभाजीनगर में रोष
जरूरत पड़ने पर यातायात की स्थिति के अनुसार पार्किंग स्थलों में परिवर्तन किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार, सूचना केंद्र व आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने भक्तों से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।