प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Shivaji Jayanti Celebration Cultural Event: छत्रपति संभाजीनगर कल गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों तथा युवा मंडलों की ओर से व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य मार्गों पर भगवा ध्वज और आकर्षक सजावट की गई है।
कई स्थानों पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को विशेष रूप से सजाया गया है। सुबह से ही विभिन्न चौक-चौराहों पर अभिवादन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, प्रमुख स्थलों पर प्रतिमा पूजन, माल्यार्पण और आरती का आयोजन होगा।
इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित युवाओं की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में ढोल-ताशा पथक, लेजिम दल और ऐतिहासिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शहर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाएं, विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी शिवजयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों के लिए भाषण, निबंध और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं रखी गई है। वक्ताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और सुशासन की भावना को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
यह भी पढ़ें:-19 फरवरी का इतिहास: पत्थर में प्राण फूंकने वाले शिल्पकार राम वनजी सुतार का जन्मदिन
सामाजिक संगठनों द्वारा रक्तदान शिविर और जरूरतमंदों को अन्न वितरण जैसे सेवा कार्य भी किए जाएंगे, आयोजकों का कहना है कि शिवजयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। पूरे शहर में उत्साह का वातावरण बना हुआ है और नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।