प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Sambhajinagar Biodiversity Education: छत्रपति संभाजीनगर विद्यार्थियों में कम उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने, उनका प्रकृति, कृषि व देशी बीजों से सीधा संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से वी फॉर एनवायरमेंट संस्था की ओर से स्कूली बीज प्रदर्शनी का आयोजन जिले के सरकारी व निजी कुल 50 स्कूलों में किया गया।
शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान पहल के जरिए 25,000 से अधिक विद्यार्थियों तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंच बनाने का दावा संस्था ने किया है। उपक्रम का पुरस्कार वितरण, समापन व सम्मान समारोह मंगलवार, 3 फरवरी को सुबह 10 बजे शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के सभागृह में होगा।
प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ पर्यावरण विशेषज्ञ व पद्मश्री सम्मानित चैतराम पवार विजेता विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे। आज की पीढ़ी प्रकृति और खेती से दूर होती जा रही है। इसे देखते हुए जैव विविधता के महत्व को प्रत्यक्ष अनुभव के जरिए -समझाने के लिए इस उपक्रम की – संकल्पना विकसित की गई है।
उक्त उपक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को 200 से अधिक क्सिमों के देशी व भारतीय बीजों की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पाठ्यपुस्तकों की सीमाओं से बाहर जाकर अनुभव आधारित शिक्षा प्रदान करना है। कार्यक्रम के नियोजन के तहत हर स्कूल से पूर्व नियोजित समन्वय स्थापित कर शिक्षक प्रतिनिधियों की नियुक्ति की गई है।
बीज प्रदर्शनी के साथ ही स्मरण शक्ति प्रतियोगिता, जानकारी प्रस्तुतिकरण, बीज पहचान प्रतियोगिता व पर्यावरण विषयक उपक्रम ये 4 सहभागात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर 300 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया।
यह भी पढ़ें:-महापौर उम्मीदवार पर BJP का मंथन, मंत्री बावनकुले का ऐलान: बाहर का नहीं, पार्टी का ही बनेगा मेयर
उपक्रम सफल बनाने के लिए संस्था की अध्यक्षा मेघना बडजाते, संजय आंबेकर, डॉ. संजय डॉभारे, यूनुस पटेल, किरण मास्टर व कैलास राठौड़ ने विशेष परिश्रम किए।