संभाजीनगर मनपा चुनाव: 859 उम्मीदवार मैदान में, 1267 मतदान केंद्र तैयार; प्रशासन अलर्ट मोड पर

Election Preparations: छत्रपति संभाजीनगर मनपा चुनाव के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 15 जनवरी को होने वाले मतदान में 11.18 लाख मतदाता 859 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। 1267 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
Sambhajinagar Municipal Corporation elections: 859 candidates in the fray, 1267 polling stations prepared; administration on high alert
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Sambhajinagar Municipal Election: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 को लेकर प्रशासन ने व्यापक और सख्त तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान बुधवार, 15 जनवरी को संपन्न होगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और अन्य सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस चुनाव में शहर के कुल 11,18,284 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 859 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 480 पुरुष और 379 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

चुनाव को लेकर सभी 29 वार्डों में सभी राजनीतिक दलों ने अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए नियोजन किया है। शहर भर में कुल 1267 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए 5588 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें मतदान केंद्राध्यक्ष और पोलिंग अधिकारी क्रमांक एक से तीन तक शामिल हैं। सभी कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से कराने की तैयारी

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखी गई है। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मतदान के लिए कुल 4,162 बैलेट यूनिट और 1,267 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं।

मतदान केंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर पहुंच सुनिश्चित करने लिए एसटी बस, स्मार्ट सिटी बस, टैक्सी और जीप की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की इस व्यवस्था के चलते दोपहर चार बजे तक सभी कर्मचारी अपने अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए।

प्रशासन ने बताया कि मतदान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी कर ली गई है, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके। इस चुनाव में कुल 859 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 480 पुरुष और 379 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

वेबकास्टिंग और निगरानी

चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 537 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान कक्ष के भीतर और बाहर कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए 173 क्षेत्रीय अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो लगातार हालात पर नजर रखेंगे। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए 4 स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मकर संक्रांति पर दिखी सामाजिक सहभागिता

मकर संक्रांति के अवसर पर मतगणना केंद्रों पर सामाजिक सौहार्द का अनोखा दृश्य देखने को मिला। बुधवार सुबह मतगणना केंद्रों पर उपस्थित महिला कर्मचारियों ने पर्व के अवसर पर एक-दूसरे को वाण देकर सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। मतदान केंद्रों तक पहुंचने में समय लगने के कारण महिला कर्मचारी चुनावी सामग्री के साथ ही केंद्रों पर ठहरी हुई थीं। इस दौरान उन्होंने त्योहार की परंपरा निभाते हुए मकर संक्रांति को सादगी और उल्लास के साथ मनाया।

पार्टीवार उम्मीदवारों की संख्या

पार्टी उम्मीदवारों की संख्या
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 99
भारतीय जनता पार्टी 95
शिवसेना (शिंदे गुट) 97
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) 78
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) 27
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 71
एमआईएम 49
वंचित बहुजन आघाड़ी 62
बहुजन समाजवादी पार्टी 21
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया 2
कम्युनिस्ट पार्टी 5
निर्दलीय और अन्य 253

कानून व्यवस्था के कड़े इंतजाम

मतदान के दिन कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्तालय की ओर से कुल 3307 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए है। इसके अलावा 1928 होमगार्ड तथा राज्य आरक्षित पुलिस बल की एक कंपनी और दो प्लाटून अतिरिक्त सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे।

महानगरपालिका प्रशासक जी. श्रीकांत ने शहरवासियों से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए - सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com