छत्रपति संभाजीनगर में गैस-पेट्रोल की कमी नहीं: अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई; जिलाधिकारी ने दी चेतावनी

Sambhajinagar LPG supply: संभाजीनगर में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी और नागरिकों से अनावश्यक सिलेंडर जमा न करने की अपील की।
No Shortage of Gas or Petrol in Chhatrapati Sambhajinagar: Action to Be Taken Against Rumor-Mongers; District Collector Issues Warning
Iran Israel Conflict Fuel Impact( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Iran Israel Conflict Fuel Impact: छत्रपति संभाजीनगर जिले में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है, हालांकि कुछ लोग सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से ईंधन की कमी की गलत जानकारी फैलाकर नागरिकों में भ्रम पैदा कर रहे हैं।

इस कारण गैस एजेंसियों पर नागरिकों की भीड़ बढ़ने लगी है, ऐसी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी जिलाधिकारी दिलीप स्वामी ने दी। उन्होंने बताया कि जिले में 11 लाख 77 हजार 643 घरेलू गैस उपभोक्ता है व 74 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं।

प्रतिदिन लगभग 20 हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, फिलहाल एहतियात के तौर पर केवल व्यावसायिक गैस की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई है।

ईरान-इजराइल व अमेरिका तनाव का असर भारत में भी महसूस किया जा रहा है। कुछ दिनों पहले घरेलू व व्यावसायिक गैस की कीमतों में वृद्धि की गई थी। इसी बीच व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों में आशंका का माहौल बन गया है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का संग्रह न करें।

प्रोपेन-ब्यूटेन से एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का आदेश

पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में घरेलू एलपीजी उत्पादन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, रिफाइनरी कंपनियों को प्रोपेन व ब्यूटेन जैसे घटकों का उपयोग प्राथमिकता से एलपीजी उत्पादन के लिए करने को कहा गया है।

निर्मित एलपीजी गैस को इंडियन ऑयल कॉर्पोरशन, भारत पेट्रोलियम व हिंदुस्तान पेट्रोलियम को उपलब्ध कराया जाएगा।

ते ल विपणन कंपनियों ने भी स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी, इसके अलावा अस्पतालों व शिक्षा संस्थानों जैसे आवश्यक क्षेत्रों को भी जरूरत के अनुसार एलपीजी उपलब्ध कराया जाएगा।

अन्य गैर-घरेलू क्षेत्रों की मांग की समीक्षा कर प्राथमिकता तय करने के लिए तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति भी गठित की गई है।

जिलों में निगरानी दल तैनात

साथ ही विभाग ने सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घरेलू एलपीजी गैस का वितरण सुचारु रखने तथा घरेलू गैस के अवैध उपयोग को रोकने के लिए जिला स्तर पर सतर्कता दल गठित कर नियमित जांच की जाए। साथ ही घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी उपाय करने के भी निर्देश दिए गए है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com