तिवसा के जंगलों में अवैध सड़क निर्माण का भंडाफोड़; वन विभाग ने जब्त कीं दो पोकलेन मशीनें, रेती तस्करों पर शक
तिवसा के जंगलों में अवैध सड़क निर्माण पर वन विभाग ने की कार्रवाई, दो पोकलेन मशीनें जब्त, जांच जारी।
Amravati Illegal Road Crime: अमरावती जिले के तिवसा वन परिक्षेत्र में बिना अनुमति अवैध रूप से सड़क निर्माण का मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो पोकलेन मशीनें जब्त की हैं, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, मोर्शी रेंज के अंतर्गत तिवसा बीट के घने जंगल में भारी मशीनों के जरिए सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर दोनों पोकलेन मशीनों को कब्जे में लिया। मौके पर मौजूद चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन्यजीवों की सुरक्षा पर खतरा
जिस क्षेत्र में खुदाई की जा रही थी, वह वन्यजीवों का संवेदनशील आवास माना जाता है। जंगल के बीच इस तरह के अवैध निर्माण से वन संपदा को नुकसान पहुंचने के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
सम्बंधित ख़बरें
अंजनगांव सुर्जी में 2 एकड़ में 10 क्विंटल मूंग का उत्पादन, युवा किसान दर्शन बर्हाणपुरे का प्रयोग सफल
जवाहरनगर में टायर बदलते समय तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, 2 चालकों की मौत, 1 युवक गंभीर घायल
मंत्री संजय शिरसाट का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार, कहा वे हमेशा सपनों की दुनिया में रहते हैं
तूफान और बारिश से अंदरसूल सहित कई गांव प्रभावित, भारी नुकसान के बीच देवलाणे में छत गिरने से 3 घायल
रेती तस्करी से जुड़ा हो सकता है मामला
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस अवैध सड़क निर्माण के पीछे रेती तस्करी का संदेह जताया जा रहा है। आशंका है कि नदी घाटों तक पहुंचने के लिए तस्करों द्वारा यह मार्ग तैयार किया जा रहा था, ताकि अवैध रूप से रेती का उत्खनन और परिवहन किया जा सके।
जांच जारी
उपवनसंरक्षक अर्जुना के.आर. ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई कर मशीनें जब्त की हैं। इस मामले में वन अपराध दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की सघन जांच की जा रही है।
