

Amravati BJP Politics: आगामी विधानसभा चुनाव में तिवसा निर्वाचन क्षेत्र को लेकर विधायक रवि राणा द्वारा दिए गए वक्तव्य से जिले के भाजपा जन प्रतिनिधि तथा राणा के बीच विवाद फिर सुलग उठा है। इस विषय को लेकर तिवसा के विधायक राजेश वानखड़े ने राणा को उग्र चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमारे मतदार क्षेत्र में दखल अंदाजी बंद नहीं किया तो उनके बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र में भी हम हस्तक्षेप करेंगे। उन्होंने कहा कि हम देश की नंबर वन राष्ट्रीय पार्टी भाजपा के चुने हुए जन प्रतिनिधि है।
इसलिए राणा कुछ भी बोलने के पूर्व सोच समझकर बोला करें। पत्र परिषद में भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष विधायक प्रताप अडसड, विधायक प्रवीण पोटे, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, भाजपा के विदर्भसंयोजक दिनेश सूर्यवंशी, भाजपा के पूर्व जिला महासचिव जयंत डेहनकर, मनपा नेतापक्ष चेतन गावंडे, शिवराय कुलकर्णी, चेतन पवार, विवेक कोल्हे, दिनेश गावंडे, विवेक गुल्हाने, तुषार भारतीय आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को पूर्व जिला ग्रामीण अध्यक्ष रविराज देशमुख के जन्मदिन कार्यक्रम में विधायक रवि राणा ने उन्हें तिवसा क्षेत्र का भावी विधायक बताते हुए शुभेच्छा दी थी। इस बयान और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो व कैप्शन को लेकर भाजपा में नाराजगी है। शुक्रवार को राजेश वानखडे ने पत्र परिषद में राणा के बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि युवा स्वाभिमान पार्टी सरकार की सहयोगी है, लेकिन उसे भाजपा के आंतरिक मामलों में दखल देने का अधिकार नहीं है।
वानखडे ने कहा कि तिवसा की जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा है। राणा को अपने क्षेत्र पर ध्यान देना चाहिए और बयानबाजी कर चर्चा में रहने से बचना चाहिए, उन्होंने चेतावनी दी कि राणा अपने दायरे में रहें, अन्यथा बडनेरा क्षेत्र की कथित घपलेबाजी का कच्चा-चिट्ठा जनता के सामने रखने में भाजपा देर नहीं करेगी।
विधायक तथा भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष प्रताप अड़सड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सुसंगठित पार्टी है। किसे टिकट देना, किसे नहीं देना इसका फैसला भाजपा की पार्लियामेंट्री बोर्ड कमेटी तय करती है।
विधायक भाजपा प्रवीण पोटे ने कहा कि भाजपा देश नहीं अपितु दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा बेहद अनुशासन प्रिय पार्टी होने की वजह से हर नीतिगत फैसले पार्टी की बोर्ड कमिटी और उच्चस्तरीय नेता करती है। रवि राणा ने गलतफहमी से बाहर निकलकर दूसरों की बजाय अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए।