

Shirajgaon Police Colony: अमरावती जिले के चांदूर बाजार तहसील के शिराजगांव कसबा थाना के कर्मचारियों के लिए पुलिस कालोनी का निर्माण सालों बीत जाने के बाद भी अटका हुआ है। वसाहत के लिए जगह तो तय कर ली गई है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू न होने से पुलिसकर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।हाल ही में पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के पदभार संभालते ही पुलिस महकमे में हलचलें तेज हो गई है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कर्मचारी तनाव में हैं।
शिरजगांव कस्बा में कॉलेज होने के बावजूद, कालोनी न होने के कारण पुलिसकर्मी अपने परिवार को साथ नहीं रख पाते। बच्चों की शिक्षा के लिए उन्हें चांदूर बाजार, परतवाड़ा या अमरावती से अप-डाउन करना पड़ता है। 12 से 14 घंटे की थकाऊ ड्यूटी के बाद सफर करना उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए - खतरनाक साबित हो रहा है। बीते वर्ष ड्यूटी के बाद अमरावती लौटते समय इसी थाने के एक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत भी हो चुकी है।
सुरक्षा और आर्थिक बोझ की दोहरी मार जो पुलिसकर्मी मजबूरी में स्थानीय स्तर पर निजी मकानों में रह रहे हैं, उन्हें मिलने वाले हाउस रेंट से कहीं ज्यादा किराया अपनी जेब से भरना पड़ रहा है। ड्यूटी के दौरान अपराधियों से सामना होने के कारण आम बस्तियों में परिवार की सुरक्षा को लेकर भी वे हमेशा चिंतित रहते हैं, जिससे हाई ब्लड प्रेशर और मानसिक तनाव की समस्या बढ़ रही है।
विधायक बच्चू कडू के कार्यकाल के दौरान चांदुर बाजार, अचलपुर, परतवाड़ा, आसेगांव और शिराजगांव कस्बा के पुलिस थानों की शानदार नई इमारतें बनकर तैयार हो चुकी हैं। परतवाड़ा और अचलपुर में बेहतरीन पुलिस वसाहत का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन शिराजगांव सहित अन्य थानों में यह काम अधूरा है। अब इस पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों की नजरें भी विधायक बच्चू कडू पर टिकी हैं कि वे जल्द ही इस समस्या का समाधान कराएंगे।