Samruddhi Mahamarg Accident News: समृद्धि महामार्ग पर चैनल क्रमांक 105 के पास धामणगांव सीमा में रविवार सुबह करीब 6.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कार चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक महिला का नाम सरोज लक्ष्मीनारायण मल्हा 41, भांडूप, वेस्ट, मुंबई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कार क्र। एमएच 03/ ईआर 3761 उत्तर प्रदेश से मुंबई की ओर जा रही थी। कार चालक चंदन लक्ष्मीनारायण मल्हा 25, भांडुप वेस्ट, मुंबई को अचानक नींद की झपकी आने से कार पर से नियंत्रण हट गया और आगे जा रहे अज्ञात ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में सरोज लक्ष्मीनारायण मल्हा के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बसंतलाल मल्हा 81 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि लक्ष्मीनारायण मल्हा 45 को मामूली चोटें आई हैं।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार कार के एयरबैग नहीं खुलने से घायलों को ज्यादा चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस निरीक्षक विशाल पोलकर, पुलिस उपनिरीक्षक इकबाल शेख, पुलिस कर्मचारी वीरेंद्र तराले, मंगेश खंडारे तथा एमएसएफ जवान स्नेहल तायडे और कुणाल सूर्यवंशी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों और मृतक को एम्बुलेंस से धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से टोल नाके पर हटाया गया। घटना की जानकारी दत्तापुर पुलिस स्टेशन को दे दी गई है।
हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से जल्द ही यातायात सुचारु कर दिया गया। मामले की आगे की जांच दत्तापुर पुलिस कर रही है।