महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़? रवि राणा बोले- दोनों NCP गुट जल्द होंगे एक

Ravi Rana Statement: अमरावती में विधायक रवि राणा ने दावा किया कि अगले 15 दिनों में शरद पवार और अजीत पवार के नेतृत्व वाले NCP के दोनों गुट एक हो सकते हैं।
ravi rana claim ncp merger sharad pawar ajit pawar maharashtra politics
रवि राणा बयान (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों हर रोज नए समीकरण और हैरान करने वाले मोड़ देखने को मिल रहे हैं। विधायक रवि राणा का दावा है कि अगले 15 दिनों के भीतर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट (शरद पवार और अजीत पवार गुट) एक साथ आ जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार की भविष्य की भूमिकाओं को लेकर भी बड़ी भविष्यवाणी की है।

राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं!

राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए विधायक राणा ने दोनों एनसीपी के एक होने की बात पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में जो असंभव लगता है, उसे हमने हमेशा संभव होते देखा है। इसलिए आने वाले 15 दिनों में सुनेत्रा पवार और शरदचंद्र पवार साहब के दोनों दल (गुट) एक साथ आ जाएंगे, यह नजारा आपको जल्द ही देखने को मिलेगा। लोकसभा चुनाव के बाद से ही महाराष्ट्र में दोनों एनसीपी गुटों के फिर से एक होने की चर्चा दबी जुबान में चल रही थी, लेकिन रवि राणा के इस सीधे और खुले दावे ने राजनीतिक पंडितों को भी चौंका दिया है।

सुप्रिया सुले केंद्र में, तो सुनेत्रा पवार संभालेंगी महाराष्ट्र ?

दोनों गुटों के विलय के बाद सत्ता और नेतृत्व का बंटवारा कैसा होगा, इसका खाका भी राणा ने खींचा है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रिया सुले दिल्ली (केंद्र) की राजनीति संभालेंगी और केंद्र सरकार में मंत्री बनेंगी। सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का नेतृत्व करने और पूरे राज्य को संभालने की एक बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।

सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज

विधायक के इन दावों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कयासों का दौर शुरू हो गया है। विशेष रूप से सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार को लेकर दिए गए उनके बयान को बेहद अहम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या वाकई अगले 15 दिनों में भविष्यवाणी सच साबित होती है या यह महज एक राजनीतिक शिगूफा बनकर रह जाएगा।

उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे भी आएंगे साथ !

बात सिर्फ एनसीपी तक ही सीमित नहीं रही, विधायक रवि राणा ने शिवसेना के दोनों गुटों को लेकर भी एक बहुत बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता को यह नजारा भी देखने को मिलेगा कि उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे फिर से एक साथ आ गए है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com