नासिक में दिल दहला देने वाली वारदात! एकतरफा प्यार में 20 साल की छात्रा की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या

Nashik Crime News: महाराष्ट्र के नासिक में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इंदिरानगर के एक गार्डन में 20 वर्षीय युवती की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को एकतरफा प्यार का शक है।
Nashik Crime News Indiranagar Girl Murder Case
नासिक में 20 साल की छात्रा की चाकू मारकर हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर, डिजाइन फोटो)
Updated on

Indiranagar Nashik Murder Case: महाराष्ट्र के नासिक शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नासिक के पॉश इलाके इंदिरानगर स्थित वनसंपदा सोसायटी के गार्डन में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे एक 20 वर्षीय युवती की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का लग रहा है। इस घटना के बाद से पूरी सोसायटी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

नासिक पुलिस के अनुसार इंदिरानगर स्थित वनसंपदा सोसायटी के गार्डन में हुई वारदात में जान गंवाने के वाली युवती की पहचान वैष्णवी आवारे (20) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अमलनेर की निवासी थी और वर्तमान में इंदिरानगर स्थित कानडे रो-हाउस में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक यह हत्या एकतरफा प्रेम प्रसंग के कारण होने की आशंका है।

वनसंपदा सोसायटी के गार्डन में सहेली के साथ बैठी थी वैष्णवी

मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त वैष्णवी अपनी एक सहेली के साथ वनसंपदा सोसायटी के गार्डन में बैठी हुई थी और दोनों आपस में बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा। उसने वैष्णवी के पास जाकर उससे बातचीत करने का प्रयास किया। वैष्णवी ने उस युवक से बात करने से साफ इनकार कर दिया।

बात करने से इनकार किया तो चाकू से किया हमला

वैष्णवी का इनकार सुनते ही युवक आगबबूला हो गया और उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया। आरोपी ने वैष्णवी पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना भीषण था कि वैष्णवी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी और ज्यादा खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।

वैष्णवी के सहेली और गार्डन में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस काे दी। सूचना मिलते ही इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

आरोपी को पकड़ने पुलिस चला रही तलाशी अभियान

नासिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच और घटना के तरीके को देखते हुए मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का लग रहा है। हालांकि, हत्या के असली कारणों का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com