

Amravati Climate Change: अमरावती जिले में पिछले कई दिनों से जारी भीषण और चिलचिलाती धूप के बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। शहर में सुबह से ही आसमान से बरस रही आग के बाद शाम होते-होते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया, जिससे नागरिकों को भीषण गर्मी से कुछ देर के लिए राहत मिली तो वहीं रात के समय बढ़ी उमस ने लोगों को जमकर बेहाल किया।
तेज बारिश के साथ ही लक्ष्मी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में बेर के साइज के ओले गिरे थे। एक घंटा बारिश के बाद धूप भी निकल आई। मेलघाट के चिखलदरा और धारणी में मौसम साफ रहने की जानकारी है। अमरावती शहर के पश्चिमी क्षेत्र लालखड़ी, लक्ष्मीनगर, महेन्द्र कालोनी, नागपुरी गेट सहित कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। कृषि उत्पन्न बाजार समिति बारिश से अनाज खराब हो गया। इससे किसानों का भारी नुकसान हुआ।
गुरुवार सुबह से ही शहर में तेज धूप खिली हुई थी और लोग गर्मी से परेशान थे। लेकिन शाम करीब चार बजे के बाद अचानक आसमान में काले घने बादल छाने लगे और मौसम पूरी तरह से बदरीला हो गया। इसके ठीक आधे घंटे बाद यानी साढ़े चार बजे के करीब तेज ठंडी हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। यह बारिश करीब एक घंटे तक लगातार चलती रही। जिससे मौसम में थोड़ी देर के लिए ठंडक घुल गई।
लगभग दो घंटे तक हुई इस मानूसन पूर्व बारिश की वजह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे शाम के समय नागरिकों को चिलचिलाती गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली। लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बारिश थमने के बाद रात होते-होते वातावरण में आर्द्रता बढ़ने के कारण भारी उमस पैदा हो गई। रात के समय उमस का असर इतना ज्यादा था कि घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी पूरी तरह फेल साबित हुए। कूलर से भी गर्म और चिपचिपी हवा आने के कारण नागरिक रातभर पसीने से तरबतर और परेशान दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिनों में क्षेत्र में इसी तरह का आंशिक रूप से बदरीला मौसम देखने को मिल सकता है।