Amravati News: दर्यापुर नगर पालिका की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल मच गई है. प्रभाग क्रमांक 11 में सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह को लेकर सत्ताधारी दल के भीतर का विवाद अब सार्वजनिक हो गया है. सत्ताधारी दल की ही नगरसेविका स्नेहा शिवाजीराव देशमुख ने नगराध्यक्ष और गुट नेता पर उन्हें दरकिनार करने और मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
नगरसेविका का आरोप है कि उनके प्रभाग वार्ड नंबर 11 में विकास कार्यों का शुभारंभ करते समय उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज किया गया. उन्होंने इसे केवल एक शिष्टाचार की चूक नहीं, बल्कि विकास कार्यों की आड़ में खेली जा रही गंदी राजनीति करार दिया है.सत्ताधारी पार्षद ने नगराध्यक्ष और गुट नेता की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के महत्वपूर्ण निर्णय सामान्य पार्षदों को बिना विश्वास में लिए गुपचुप तरीके से करने, विकास कार्यों की प्रक्रिया और निर्णयों में पारदर्शिता नहीं बरतने, सत्ता के अधिकार केवल कुछ गिनेचुने लोगों तक ही सीमित रखने, पार्टी के ही अन्य जनप्रतिनिधियों को कम महत्व देने का आरोप लगाया है.
अब तक विपक्ष के हमलों का सामना कर रही नगर पालिका को अब घर का भेदी वाली स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. इस घटनाक्रम से सत्ताधारी दल के भीतर दो गुट स्पष्ट रूप से सामने आते दिख रहे हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह अंदरूनी कलह जल्द शांत नहीं हुई, तो प्रभाग 11 का यह विवाद एक बड़े राजनीतिक संघर्ष में बदल सकता है.