नवनीत राणा का तंज, अब खेला न होबे, केवल भगवा लहराबे, ममता बनर्जी की विदाई तय

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के एग्जिट पोल पर नवनीत राणा ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 8 बजे के बाद घर में रहने की सलाह देने वाली दीदी की हार तय है।
Navneet Rana takes a jibe: "Now there will be no 'Khela'—only the Saffron flag will wave; Mamata Banerjee's exit is certain."
नवनीत राणा (सोर्स: डिजाइन फाटो)
Updated on

Navneet Rana Attack Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें एग्जिट पोल के नतीजों पर टिकी हैं। इसी बीच, महाराष्ट्र के अमरावती से भाजपा की मुखर नेता नवनीत राणा ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। नवनीत राणा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार खेला नहीं होगा, बल्कि केवल भगवा लहराएगा।

महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल

अमरावती में मीडिया से बात करते हुए नवनीत राणा ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, दीदी (ममता बनर्जी) अपनी राज्य की बेटियों को सलाह देती हैं कि वे रात 8 बजे के बाद घर से बाहर न निकलें। यह बेहद शर्मनाक है। जो मुख्यमंत्री बेटियों को उनके शिक्षा के अधिकार और घूमने-फिरने की आजादी से वंचित करना चाहती हैं, अब वही महिलाएं और बेटियां मिलकर दीदी को सत्ता से बेदखल कर रही हैं। नवनीत राणा ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब जागरूक हो चुकी है। लोग अच्छी तरह जानते हैं कि बेटियों की सुरक्षा और राज्य के विकास के लिए भाजपा की सरकार लाना कितना अनिवार्य है।

बांग्लादेशी घुसपैठ और खेला होबे पर पलटवार

बंगाल के ज्वलंत मुद्दों पर बात करते हुए राणा ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों की समस्या ने बंगाल को अंदर से खोखला कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ममता दीदी का खेला इस बार काम नहीं आने वाला है। अब बंगाल में न हिंसा का खेला होगा और न ही तुष्टीकरण का। इस बार केवल और केवल भगवे का खेला होगा।

राणा के अनुसार, पिछले बंगाल चुनाव में भी भाजपा ने मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, लेकिन इस बार जनता ने मन बना लिया है कि वे ऐसी सरकार चुनेंगे जो उनकी समस्याओं का समाधान करे, न कि उन्हें डराकर घर में बिठाए।

एग्जिट पोल और भाजपा की उम्मीदें

नवनीत राणा ने विश्वास जताया कि एग्जिट पोल के आंकड़े भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल का चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राज्य के आत्मसम्मान और नारी शक्ति के सम्मान की लड़ाई बन चुका है। भाजपा नेताओं का मानना है कि इस बार बंगाल में परिवर्तन की लहर टीएमसी के दुर्ग को ढहाने के लिए तैयार है।

Navbharat Live
navbharatlive.com