अमरावती में हिट एंड रन से युवक की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा; परिजन शव लेकर पहुंचे पुलिस आयुक्तालय
Amravati Road Accident: अमरावती में कार की टक्कर से घायल 24 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से नाराज परिजन शव लेकर पुलिस आयुक्तालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
- Written By: अंकिता पटेल
अमरावती हादसा, सड़क दुर्घटना, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Amravati Road Accident Hit and Run: अमरावती शहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को मृतक के परिजन और स्थानीय नागरिक शव को एम्बुलेंस में रखकर सीधे पुलिस आयुक्तालय पहुंच गए और आरोपी कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि पुलिस कर्मियों ने एम्बुलेंस को आयुक्तालय परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया।
प्राइम पार्क होटल के सामने हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, बडनेरा थाना क्षेत्र के निंभोरा स्थित समाज कल्याण छात्रावास परिसर निवासी मयूर अविनाश उरकुडे (24) सोमवार रात घर के लिए नल की टोटी खरीदने दुपहिया वाहन से निकला था। रात के समय एमआईडीसी रोड स्थित प्राइम पार्क होटल के सामने से गुजरते समय तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मयूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने घायल मयूर को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई-गोवा हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रत्नागिरि के लांजा में खड़े डंपर में घुसी क्रेटा कार, 3 लोगों की मौत
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क पर महाराष्ट्र ATS का बड़ा एक्शन, पुणे में 66 संदिग्धों से पूछताछ जारी
वर्धा सुसाइड केस: पोहर कॉलोनी की 17 वर्षीय वेदिका ने किया आत्मघाती कदम, आत्महत्या का कारण अब भी रहस्य
मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का बड़ा एलान: किसानों को दोबारा बुआई के लिए DPDC से मिलेगी मदद; नकली बीज पर FIR
गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़के परिजन
परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद भी आरोपी कार चालक को गिरफ्तार नहीं किया गया। इससे नाराज परिजन और नागरिक मंगलवार दोपहर मयूर का शव एम्बुलेंस में रखकर सीधे पुलिस आयुक्तालय पहुंच गए। उन्होंने पुलिस आयुक्त राकेश ओला से मुलाकात कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आयुक्तालय में रोकी गई एम्बुलेंस
पुलिस आयुक्तालय पहुंचने पर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने शव लेकर आई एम्बुलेंस को परिसर के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद परिजनों और पुलिस के बीच कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें:-नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पर खूनी खेल; पत्नी की हत्या के बाद कारंजा शहर पुलिस थाने पहुंचा हत्यारा पति
मामले की जांच जारी
पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
