बोर्ड पेपर लीक: गुट शिक्षाधिकारी सुधीर खोडे सस्पेंड! राजनीतिक रसूख वाले पिता-पुत्र ने घर बैठे हल किया था पेपर

Maharashtra Board Paper Leak: पेपर लीक कांड मामले में गुट शिक्षाधिकारी सुधीर खोडे निलंबित। 2 छात्र और एक अभिभावक पुलिस हिरासत में। राजनीतिक रसूख और भ्रष्टाचार की परतें खुलीं।
BEO Sudhir Khode suspended in Maharashtra board paper leak case. 2 students and a parent detained; political links emerge. Detail on the investigation.
पेपर लीक कांड (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Education Department Action: पूरे राज्य में सनसनी फैलाने वाले 27 फरवरी को हुए बोर्ड परीक्षा पेपर लीक और चोरी प्रकरण में पुलिस ने जांच का दायरा और कड़ा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग छात्रों समेत एक अभिभावक को हिरासत में लिया है, जबकि विस्तार अधिकारी सुशील अभ्यंकर और एक अन्य अभिभावक अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

इस बीच मामले के मुख्य आरोपी गुट शिक्षा अधिकारी सुधीर खोडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

छात्रों ने घर बैठे हल किया पेपर

पुलिस जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि जिन छात्रों के पास चोरी किया गया प्रश्नपत्र पहुंचा था, उन्होंने वह पेपर अपने-अपने घरों में बैठकर हल किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में शामिल एक छात्र के पिता क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक व्यक्ति हैं, जिससे इस मामले को राजनीतिक रंग भी मिल गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र इन छात्रों तक कैसे पहुंचा और इसमें किन-किन लोगों के आर्थिक हित जुड़े हुए हैं।

आठवले को अतिरिक्त प्रभार

पेपर लीक मामले में सीधे तौर पर संलिप्त पाए जाने के बाद गिरफ्तार किए गए गुटशिक्षा अधिकारी सुधीर खोडे को शिक्षा विभाग ने निलंबित किया है। उनके निलंबन के बाद विस्तार अधिकारी शीला आठवले को गुट शिक्षा अधिकारी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

कुछ सूत्रधार अब भी फरार

हालांकि पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच अंतिम चरण में होने की बात कही जा रही है, लेकिन इस पूरे रैकेट के कुछ मुख्य सूत्रधार अब भी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपी सुशील अभ्यंकर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

राजनीतिक व्यक्ति का बेटा भी जांच के दायरे में

पेपर लीक मामले में अंजनगांव सुर्जी के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक व्यक्ति के बेटे का नाम भी सामने आया है। पुलिस छात्र से पूछताछ कर रही है, जबकि आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com