

Anjangaon Surji Tribal Laborer Newa: अंजनगांव सुर्जी तहसील के विहिगांव परिसर में एक 35 वर्षीय आदिवासी महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना किसान रामकृष्ण धनोकार के खेत की है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक महिला की पहचान मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के जुनापानी गांव निवासी पिंकी इडापाचे (35) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए विहिगांव क्षेत्र में मजदूरी करने आई थी। वर्तमान में कपास तोड़ाई और चने की कटाई का मौसम चल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में आदिवासी मजदूर इस क्षेत्र में कार्यरत हैं।
रात के समय पिंकी का शव धनोकार के खेत में मिला। खेत मालिक द्वारा तत्काल पुलिस पाटिल राहुल बोरडे को सूचना दी गई, जिसके बाद रहिमापुर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
महिला की मौत को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ अंजनगांव सुर्जी ग्रामीणों का कहना है कि खेत में लगी ‘झटका मशीन’ या बिजली के करंट से उसकी मौत हुई हो सकती है। वहीं, कुछ लोगों का दावा है कि महिला पिछले दो-तीन दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रही थी और उसने भोजन भी ठीक से नहीं किया था। मृतका विधवा थी और उस पर दो बेटियों की जिम्मेदारी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रहिमापुर थाना प्रभारी अनंत वडतकर, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे तथा सहायक पुलिस अधिकारी गजानन सोनवणे पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अचलपुर से आई फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मिट्टी सहित अन्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अंजनगांव के ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अनंत वडतकर ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।