

Amravati Murder Case: राजापेठ थाना क्षेत्र में आनेवाले रवि नगर पुल के पास कॉलेज में जा रही शर्वरी हाडके को रोककर उस पर चाकू से वार कर हत्या करने की घटना गुरुवार को घटित हुई। इस घटना से अमरावती शहर सहित जिले में भारी आक्रोश फैल गया था। जिसके बाद पुलिस ने गोंदिया में फरार हुआ आरोपी आनंद नंदकिशोर भड को गिरफ्तार किया था। आरोपी को कडी सजा देने की मांग को लेकर शुक्रवार को परिजन व रविनगरवासियों ने राजापेठ थाना पहुंचकर आरोपी को कडी सजा देने की मांग की।
बता दे कि रवि नगर परिसर के अंबाविहार निवासी शर्वरी गुरुवार की सुबह 11.30 बजे के दौरान घर से कॉलेज जाने के लिए अपनी मोपेड वाहन से निकली थी। लेकिन रवि नगर चौक के पास पहुंचते समय नाले के पुल के पास आरोपी ने उसे रोका। इस बीच दोनों में कुछ बात हुई, जिसके बाद आनंद ने चाकू से सपासप वार किया। गले पर चाकू की वार से वह लहुलुहान हो गई थी। इस बीच वहां से जा रहे आटो चालक ने अपना वाहन रोका।
आटो चालक विनय काले व अन्य युवक राहुल इंगोले ने धाडस दिखाते हुए आरोपी को पकडा और धुनाई की, लेकिन आरोपी मौके से अपना वाहन लेकर फरार हो गया। जिसके बाद घायल शर्वरी को आटो चालक ने एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार दौरान युवती की मौत हो गई थी। आरोपी की तलाश पुलिस के विविध दल कर रहे थे। तकनीकी और गुप्तचरों की सूचना पर आरोपी आनंद भड को गोंदिया से गिरफ्तार करने में पुलिस सफल रही।
रविनगरवासी और परिजन गिरफ्तार आरोपी को कडी सजा देने की मांग को लेकर शुक्रवार को राजापेठ थाना पहुंचे। इस समय विधायक रवि राणा, उपमहापौर सचिन भेंडे भी मौजदू थे। जिसके बाद पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त श्याम घुगे थाने में पहुंचे। उन्होंने रविनगरवासियों से चर्चा कर आरोपी को कडी से कडी सजा दिलवाने का प्रयास करने की बात कहीं। भारी बारिश होने के बावजूद नागरिक थाने में डटे हुए थे। विधायक रवि राणा ने यह प्रकरण फास्ट ट्रैक में चलाकर आरोपी को फांसी सजा देने की मांग की।
आरोपी आनंद भड को गोंदिया से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को अमरावती न्यायालय में पेश किया। जहां अदालत ने आरोपी को 8 तक पुलिस कस्टडी सुनाई है। इस समय राजापेठ थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण भी मौजूद थे। पूछताछ में आरोपी घटना के बाद कैसे गोंदिया भागा, चाकू कहां से लिया इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा होगा।