पेड़ से जा टकराई स्कूल बस, बाल-बाल बचे अमरावती के 25 मासूम, कई मामूली रुप से घायल

Amravati School Bus Accident: अमरावती के बोडना गांव के पास स्कूल बस टर्निंग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जिनमें कई मामूली घायल हुए।
amravati school bus accident bodna turning children injured
अमरावती स्कूल बस हादसा(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bodna School Bus Accident: टर्निंग पर अनियंत्रित होने से स्कूल बस पेड से टकरा गई। इस हादसे में कुछ बच्चे मामूली जख्मी हुए है। यह घटना शुक्रवार की सुबह चांदूर रेलवे रोड स्थित बोडना गांव के पास घटित हुई। हादसे के समय बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जिनमें से कुछ बच्चों को चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमएच-27/ए-9852 चांदूर रेलवे रोड स्थित एक्सल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की है। बस बोडना गांव से बच्चों को लेकर स्कूल के लिए रवाना हुई थी। तपोवनेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर टर्निंग के दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई। जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। मोड़ लेने के बजाय बस सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

amravati school bus accident bodna turning children injured
महाराष्ट्र: राज्यपाल से मिले आदित्य ठाकरे, MPSC पेपर लीक की न्यायिक जांच की मांग

नए चालक और रूट को लेकर भी चर्चा

घटना के बाद यह बात सामने आई है कि इस रूट पर नियमित बस चलाने वाला चालक आज छुट्टी पर था। उसकी जगह दूसरे रूट के चालक को भेजा गया था, जिसे इस रास्ते के मोड़ और दिशा का सटीक अंदाजा नहीं था। हालांकि, दुर्घटना का असली कारण पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

स्कूल बसों की फिटनेस पर उठे सवाल

हादसे की सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति, फिटनेस सर्टिफिकेट और चालक के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। मासूम बच्चों से भरी बस के इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होने से एक बार फिर स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जांच और मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com