Amravati Local Crime Branch News: अमरावती ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी के एजेंट से मारपीट कर लूट करने वाली गिरोह का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
1.25 लाख का माल लूटकर फरार पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को चांदूर रेलवे थाने में फरियादी आकाश गोपालराव पाटणे निवासी गव्हानिपाणी, तहसील धामणगांव रेलवे ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे भारत फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं और 10 अप्रैल की शाम को नांदगांव खंडेश्वर क्षेत्र से वसूली कर मोटरसाइकिल से चांदूर रेलवे लौट रहे थे।
इसी दौरान एकपालासावंगी संगम रोड भीलटेक स्थित त्रिवेणी संगम पुल के पास तीन अज्ञात आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लाठी से मारपीट कर 1,10,328 रुपये नकद, एक टैबलेट और मोबाइल सहित कुल 1,25,328 रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा ने जांच शुरू की।
गोपनीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी रवि रामभाऊ वरठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। एक आरोपी फरार गिरफ्तार आरोपियों में राज प्रशांत पेंदाम 23, रवि रामभाऊ वरठी 27, विनय सुधाकर कोंडवते 23 सभी निवासी ओकारखेडा, नांदगांव खंडेश्वर, अनुप मनोहर सिडाम 25, आर्वी रोड नाका, निवासी यवतमाल तथा प्रवीण विजय गंगाधरे 30, निवासी यवतमाल शामिल हैं।
एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 40,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन सहित कुल 1,60,100 रुपये का माल जब्त किया है। उक्त कार्रवाई पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल मुडे, उपनिरीक्षक मुलचंद भांबुरकर तथा पुलिस टीम के सदस्य अमोल देशमुख, गजेंद्र ठाकरे, युवराज मानमोठे, मंगेश लकड़े, रविंद्र वर्हाडे, सचिन मसांगे, दिनेश कनोजिया ने की।
फिलहाल आरोपियों को आगे की जांच के लिए चांदूर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।