

Amravati Police: ग्रामीण पुलिस ने दुपहिया वाहनों, विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों में नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर या कटआउट का उपयोग कर पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। 15 दिनों में 150 दुपहिया वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है और उनके साइलेंसर भी जब्त किए।
पुलिस विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई वाहन चालक अपने दुपहिया वाहनों के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव कर सड़कों पर कर्कश आवाजें निकाल रहे हैं।
इस वजह से बड़े पैमाने पर ध्वनि प्रदूषण हो रहा था और आम नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, छोटे बच्चों और मरीजों को भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 15 दिनों तक चली विशेष नाकाबंदी मुहिमइस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिला यातायात शाखा, अचलपुर यातायात शाखा और जिले के सभी 31 पुलिस थानों के प्रभारियों को ऐसे हुड़दंगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद 4 जून से 18 जून के बीच पूरे जिले में विशेष नाकाबंदी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 150 नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को पकड़ा और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जब तक सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर हुड़दंग मचाने वाले आखिरी वाहन चालक पर कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ऐसे निर्देश दिए।
जिला यातायात शाखा ने आम नागरिकों से यदि कोई भी वाहन चालक अपने दुपहिया या बुलेट पर इस तरह का मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालता हुआ दिखाई दे, तो तुरंत उसके वाहन नंबर के साथ पुलिस टोलफ्री नंबर 112 पर शिकायत दर्ज करने की अपील की है।