दिनदहाड़े कत्ल से दहला अमरावती, चार हमलावरों ने युवक को उतारा मौत के घाट
Amravati Crime News: अमरावती के नांदगांव पेठ में दिनदहाड़े चार हमलावरों ने धारदार हथियारों से युवक मन्या उर्फ मंथन पालनकर की हत्या कर दी। जमानत पर रिहा आरोपी की हत्या बदले की भावना से होने की आशंका।
- Written By: आकाश मसने
घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Amravati Murder News: अमरावती जिले के नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के वालकी रोड पर बोरनदी परियोजना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने दोपहर करीब 3.30 बजे चार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस रक्तरंजित वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जमानत पर हुआ था रिहा
पुलिस सूत्रों के अनुसार मन्या उर्फ मंथन रविंद्र पालनकर (शिलांगण रोड, सातुर्णा, अमरावती) कुछ माह पूर्व अमरावती में हुए यश रोडगे हत्याकांड का आरोपी था। 8 दिन पहले ही अपराध शाखा ने उसे एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह जमानत पर रिहा हुआ था।
फोन करके बुलाया गया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह इस मामले के एक आरोपी ने मंथन को मोबाइल पर संदेश भेजकर वालकी रोड पर बुलाया था। तय स्थान पर जैसे ही मंथन बिना नंबर प्लेट की स्पोर्ट्स बाइक से बोरनदी प्रकल्प के प्रवेश द्वार के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उसे घेर लिया। कुछ समझ पाता उससे पहले ही उसकी गर्दन, हाथ और पेट पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल मंथन मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
पेपर लीक मामले पर विधायक बच्चू कडू का आक्रोशित बयान – हाथ काटने की मांग
डीजल किल्लत और बढ़ती लागत के बीच खरीफ सीजन के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे किसान
दर्यापुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कें खाली लेकिन कई परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट
अंजनगांव सुर्जी के डीपी रोड पर भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से दुकान जलकर खाक
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत नांदगांव पेठ पुलिस को जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से बिना नंबर की बाइक जब्त की गई है।
बदले की भावना से हत्या की आशंका
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यश रोडगे हत्याकांड का बदला लेने के लिए ही मंथन की हत्या की गई। पुलिस इसी दिशा में जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और नागरिकों में रोष व्याप्त है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:- ‘भाई का काम कर दिया…’ गडकरी के मजाक पर प्रियंका गांधी की मुस्कान, संसद के दिलचस्प पल का Video Viral
आरोपियों की तलाश में विशेष टीम रवाना
नांदगांव पेठ के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे ने बताया कि हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। जिस दोपहिया वाहन से मंथन घटनास्थल पर आया था, उसके आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए विशेष टीमों को संभावित दिशाओं में रवाना किया गया है।
कई दिनों से निशाने पर था मंथन
यश रोडगे हत्याकांड के बाद मंथन पालनकर लंबे समय से विरोधी गुट के रडार पर था। सातुर्णा और नवाथे इलाके में उसकी आवाजाही और उसके साथ रहने वाले गिरोह के कारण वहां हमला करना कठिन था। इसलिए योजनाबद्ध तरीके से उसे संदेश भेजकर वालकी रोड पर बुलाया गया और उसकी हत्या की गई, ऐसा जांच में सामने आ रहा है।
