क्या अमरावती में फिर खिलेगा कमल या हाथ मारेगा बाजी? आज दोपहर तक साफ हो जाएगी 22 प्रभागों की तस्वीर
Amravati Municipal Corporation Elections 2026: 22 प्रभागों की 87 सीटों पर 55% मतदान। 661 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद। आज सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है।
- Written By: प्रिया जैस
अमरावती मनपा चुनाव (सौजन्य-नवभारत)
Amravati Municipal Corporation Results: अमरावती मनपा के 22 प्रभागों की 87 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान प्रक्रिया कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। ‘मिनी विधानसभा’ के नाम से पहचानी जाने वाली इस चुनावी प्रक्रिया में 661 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य मतपेटी में बंद हो गया है। सुबह 7.30 बजे से शाम 3.30 बजे तक शहर की 231 इमारतों में स्थित 805 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया।
प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार शहर में दोपहर 3.30 बजे तक 40.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। देर रात प्रक्रिया जारी रहने से यह आंकड़ा करीब 55 प्रतिशत बढ़ने की संभावना है। मतगणना 16 जनवरी को सुबह 10 बजे शुरू हो चुकी है।
4,500 अधिकारी और कर्मचारी शामिल
मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। शहर के सात निर्वाचन जोनों के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी एवं एक पुलिसकर्मी की नियुक्ति की गई थी। लगभग 4,500 अधिकारी और कर्मचारी इस चुनावी प्रक्रिया में शामिल रहे।
सम्बंधित ख़बरें
प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर 13 लाख की धोखाधड़ी; दोस्त ने ही लगाया चूना, गाडगेनगर पुलिस ने दर्ज किया केस
महावितरण की लापरवाही से किसान का आत्महत्या का प्रयास, लिखित आश्वासन के बाद कार्यालय के पेड़ से नीचे उतरा
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया जमानती वारंट, जानें क्या है मामला
मुंबई का नया कायाकल्प: गोरेगांव के मोतीलाल नगर में 1 लाख करोड़ का निवेश करेंगे अडानी
मतदान के लिए 2,432 बैलेट यूनिट और 1,226 कंट्रोल यूनिट का उपयोग किया गया। पूरे दिन मतदान केंद्रों पर अनुशासित वातावरण रहा। मतदाताओं ने संयम रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शहर में कहीं भी बड़े विवाद, हिंसा या गंभीर गड़बड़ी की घटना सामने नहीं आई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सुबह धीमी रफ्तार, दोपहर बाद बढ़ी भीड
सुबह के सत्र में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती दिखाई दी। कार्यालयों से छुट्टी के बाद मतदाता, महिलाएं और युवा वर्ग बड़ी संख्या में मतदान के लिए निकले, जिससे शाम के सत्र में मतदान का प्रतिशत बढ़ा। कई प्रभागों में 45 से 50 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया। महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
यह भी पढ़ें – अकोला मनपा की 80 सीटों का फैसला आज, शांतिपूर्ण वोटिंग के बाद अब प्रत्याशियों की धड़कनें तेज, किसका होगा मेयर?
ईवीएम बंद होने से कुछ देर अफरा-तफरी
प्रभाग 17 के शांतिनिकेतन मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन बंद पड़ने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि स्थानीय प्रशासन के त्वरित हस्तक्षेप से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया और मतदान प्रक्रिया पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दी गई।
मतदान का प्रतिशत बढ़ा
वर्ष 2017 की महापालिका चुनाव में 54.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मतदान के चरणवार आंकड़े
- पहला चरण (7.30 से 9.30): 24,437 पुरुष और 19,940 महिलाओं सहित कुल 44,377 मतदाता; मतदान प्रतिशत 6.6
- दूसरा चरण (9.30 से 11.30): मतदान प्रतिशत बढ़कर 17.1 तक पहुंचा; महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी बढ़ी
- तीसरा चरण (11.30 से 1.30): मतदान 27.89 प्रतिशत तक पहुंचा; कामगार, युवा और नौकरीपेशा मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचे
- चौथा चरण (1.30 से 3.30): मतदान प्रतिशत 40.62 तक पहुंचा
