अमरावती में 6 नगर परिषदों की कमान महिलाओं के हाथ, 4 में पुरुष होंगे नगराध्यक्ष

Amravti News: अमरावती जिले की नगर परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण ड्रॉ घोषित। चांदुर रेलवे नगर परिषद ‘ओपन महिला’ आरक्षित, चुनावी माहौल गरम, पुरुष उम्मीदवारों की उम्मीदें धरी की धरी।
Amravti News
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Amravati Municipal Council Reservation News: महाराष्ट्र में आगामी नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगराध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण का ड्रा सोमवार को मुंबई स्थित मंत्रालय में निकाला गया। आरक्षण की घोषणा होते ही जिले में चुनावी माहौल गरमा गया है और दिसंबर में होने वाले चुनावों की सरगर्मी अब शुरू हो गई है।

अमरावती जिले की 10 नगर परिषदों और 4 नगर पंचायतों के लिए यह ड्रा निकाला गया। इसमें चांदुर रेलवे नगर परिषद को 'ओपन महिला' श्रेणी में आरक्षण मिला है। इस फैसले ने पिछले कुछ महीनों से नगराध्यक्ष पद के लिए प्रयासरत कई पुरुष उम्मीदवारों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कई ने तो अपनी प्राथमिक प्रचार यंत्रणा भी तैयार कर ली थी, हालांकि इस आरक्षण ने महिला नेताओं के लिए नए द्वार खोल दिए हैं।

पार्टियों ने शुरू की तैयारी

अमरावती जिले में अब चर्चाओं का बाजार गर्म है, इस बार कौन सी महिला उम्मीदवार आगे आएगी? कौन सी पार्टी नया चेहरा पेश करेगी? सबकी नजर इसी पर है। इस बीच पार्टी स्तर पर भी नए सिरे से तैयारियां चल रही है।

तिवसा और भातकुली नगर पंचायतों को छोड़कर, फिलहाल सभी 10 नगर पालिकाओं और दो नगर पंचायतों में प्रशासक हैं। इसी के चलते चुनाव से पहले प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में 8 से 28 अक्टूबर तक मतदाता सूची का कार्यक्रम चलेगा और दिसंबर में संभावित चुनावों पर सबकी नजर है।

अमरावती जिले की नगर परिषदों के लिए आरक्षण

नगर परिषद आरक्षण
अचलपुर ओपन महिला
अंजनगांव सुर्जी अनुसूचित जाति पुरुष
चांदुरबाजार ओपन महिला
चांदुर रेलवे ओपन महिला
चिखलदरा ओपन पुरुष
दर्यापुर ओबीसी पुरुष
धामणगांव रेलवे ओबीसी महिला
मोर्शी ओबीसी महिला
शेंदुरजनाघाट अनुसूचित जनजाति महिला
वरुड अनुसूचित जनजाति पुरुष

नगर पंचायतों की आरक्षण लिस्ट

नगर पंचायत आरक्षण प्रवर्ग
धारणी ओपन पुरुष
नांदगांव खंडेश्वर ओपन महिला
तिवसा ओपन महिला
भातकुली अनुसूचित जाति पुरुष

247 नगर परिषदों में आरक्षण की घोषणा

बता दें कि महाराष्ट्र की 247 नगर परिषदों और 147 नगर पंचायतों के प्रमुख (नगराध्यक्ष) पदों के लिए सोमवार को ड्रॉ निकाला गया। इसमें 33 नगर परिषदों में से 16 में अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षण की घोषणा की गई है। तो वहीं 147 नगर पंचायत अध्यक्षों में महिलाओं के लिए कुल 74 सीटें आरक्षित की गई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com