

Morshi Road Accident: अमरावती-मोर्शी रोड पर शिरभाते मंगल कार्यालय के सामने मंगलवार को सुबह राज्य परिवहन की बस और गैस सिलेंडरों से भरे आयशर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसटी बस का अगला केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। हादसे में बस के कंडक्टर सहित चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि ट्रक में लदे सिलेंडरों में कोई विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बहुत बड़ा अनर्थ टल गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मोर्शी के कटारिया गैस एजेंसी का ट्रक क्र.एमएच 29/बीई 0891 अमरावती से एलपीजी सिलेंडर भरकर मोर्शी आया था। मोर्शी रोड पर स्थित एजेंसी के गोदाम में सिलेंडर खाली करने के लिए चालक ने मुख्य सड़क पर ही बिना कोई इंडिकेटर या दिशासूचक दिए ट्रक को अचानक रिवर्स लेना शुरू किया। उसी समय मोर्शी डिपो की मोर्शी से अमरावती जा रही एसटी बस क्र.एमएच 14/एमटी 0278 जिसमें 25 से 30 यात्री सवार थे, सीधे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर लगते ही बस के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कांच टूटकर बिखर गए। बच्चे को बचाया, खुद गंभीर घायल हुई मां। इस दुर्घटना में बस में सवार महिला यात्री आरती पवन गेडाम ने अपने बच्चे को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन इस कोशिश में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। उनके पति पवन गेडाम को भी मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा अन्य गंभीर घायलों में पल्लवी सुरेश आगरकर 29, टोपेनगर, अमरावती और बस कंडक्टर किशोर मोहोड 36 शामिल हैं। सभी को तुरंत मोर्शी के उपजिला अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद पोतदार और चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन कोरडे ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और बताया कि फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले ने तुरंत डायल 112 की टीम को मौके पर भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त एसटी बस के चालक विजय अंभोरे की शिकायत पर मोर्शी पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और इंडिकेटर न देने के आरोप में आयशर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।