Amravati Leopard Terror News: अमरावती शहर के वडाली, मंगलधाम, एसआरपीएफ कैंप, तपोवन, विश्वविद्यालय परिसर और पुराने बायपास क्षेत्रों में तेंदुए की लगातार बढ़ती आवाजाही से नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
इस गंभीर मुद्दे को विधायक सुलभा संजय खोडके ने विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। विधायक खोडके ने बताया कि शहर से सटे वडाली वनपरिक्षेत्र और पोहरा जंगल में तेंदुओं का बड़ा निवास है, जो भोजन और पानी की तलाश में शहर की ओर आ रहे हैं।
कई स्थानों पर तेंदुए के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, वहीं पालतू जानवरों पर हमले की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। मंगलधाम क्षेत्र में स्थिति इतनी गंभीर है कि शाम के बाद लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
इस पर राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने जवाब देते हुए कहा कि वन विभाग को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी, फेंसिंग और अन्य तकनीकी उपायों को बढ़ाया जाएगा, साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय निकायों के समन्वय से प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
सरकार ने आश्वासन दिया है कि वन्यजीवों और मानव जीवन दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही ठोस कार्ययोजना लागू की जाएगी।