गैस सिलेंडर जब्त (सौजन्य-नवभारत)
Amravati News: अन्नधान्य आपूर्ति विभाग द्वारा जिले के विभिन्न मंगल कार्यालयों और रेस्टॉरेंट्स में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग पर कड़ी नजर रखी जा रही है। राजापेठ थाना क्षेत्र के पुराना बायपास मार्ग स्थित गोल्डन आर्क में अन्नधान्य आपूर्ति अधिकारी ने छापा मारा। इस समय 6 घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते पाया गया। जिसके कारण सभी सिलेंडर जब्त कर लिये गए है।
आपूर्ति अधिकारी प्रवीण उत्तमराव राऊत (42) की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने होटल के संचालक सुदामचंद झांबानी (67, कंवर नगर, अमरावती) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कई मंगल कार्यालयों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल हो रहा था, जो कि सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हो सकता है।
इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए अन्नधान्य आपूर्ति विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है और व्यवसायियों को घरेलू सिलेंडर का उपयोग पूरी तरह से बंद करने की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से मंगल कार्यालयों और रेस्टॉरेंट्स में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों की नियमित जांच की जा रही है ताकि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा सके।
इसके अलावा, विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि व्यावसायिक उपयोग के लिए केवल वाणिज्यिक गैस सिलेंडर ही उपयोग में लाए जाएं, ताकि गैस की किल्लत को नियंत्रित किया जा सके और सुरक्षा सुनिश्चित हो। विभाग ने सभी मंगल कार्यालयों और कैटरिंग व्यवसायियों से घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग तुरंत बंद कर दें और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का ही प्रयोग करने की अपील की।
अन्नधान्य आपूर्ति विभाग की ओर से जारी कार्रवाईयों से मंगल कार्यालय संचालकों में हडकंप मच गया है। उन्होंने अपने मंगल कार्यालयों में कैटरिंग व्यवसायियों को सूचना देने के लिए घरेलू सिलेंडर का उपयोग न करने की सलाह दी है। जिसके सूचनाफलक मंगल कार्यालयों में दिखाई दे रहे है।
यह भी पढ़ें – दुबे क्या आपका दामाद लगता है? बंद मंदिर में VIP दर्शन पर भड़की NCP-SP, फडणवीस सरकार को जमकर लताड़ा
शहर के जकात रोड स्थित ‘पंजाबराव पाटील’ ढाबे पर छापेमारी की। इस दौरान ढाबे में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। मामले में ढाबा संचालक के खिलाफ गाडगेनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में एफडीओ प्रवीण राऊत की शिकायत पर ढाबा संचालक अंकुश पद्माकर तिडके (39) के खिलाफ गाडगेनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग रोकने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देश पर 15 विशेष उड़नदस्ते तैनात किए गए हैं। इसी अभियान के तहत शहर धान्य वितरण अधिकारी (एफडीओ) प्रवीण राऊत और उनकी टीम ने जकात रोड स्थित ढाबे पर अचानक छापा मारा था।