Amravati Congress Protest News: केंद्र सरकार द्वारा घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के निर्देश पर शहर कांग्रेस द्वारा जिलाधीश कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया।
तत्पश्चात जिलाधीश को इसके विरोध में निवेदन सौंपा गया। शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखेड़े तथा पदाधिकारियों ने प्रतीकात्मक चूल्हा लगाकर भोजन बनाने में आ रही तकलीफ का विरोध कर प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
हाल ही में केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ा दिए हैं। यह दाम बढ़ोतरी खाड़ी देशों में जारी लड़ाई की वजह से वैश्विक एनर्जी के दामों में बढ़ोतरी के पृष्ठभूमि में हुई है, जिससे आम आदमी, खासकर महिलाओं और मध्यम परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन के जरिए मांग की कि केंद्र सरकार के दाम बढ़ाने के फैसले को तुरंत रद्द किया जाए और आम लोगों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।
इस समय पूर्व महापौर और विपक्ष के नेता मनपा विलास इंगोले और महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखेड़े, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे और पार्षद संजय शिरभाते सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।
तिवसा में सिलेंडर की कीमत वृद्धि के खिलाफ आक्रामक आंदोलन किया गया। महिला कांग्रेस और तहसील कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए रिक्त सिलेंडर और चूल्हा रखकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उदासीनता के कारण ग्रामीण महिलाओं और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।