

Amravati Free Medical Treatment News: सड़क हादसों में घायल होने वाले नागरिकों को तत्काल और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम राहत योजना की शुरुआत की है। अमरावती जिले में इस योजना का अमल शुरू कर दिया गया है, जिसके तहत अब दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मुफ्त मिलेगा।
हादसे में घायल को मिलेगा 1.5 लाख तक मुफ्त इलाजइस योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद के पहले एक घंटे गोल्डन ऑवर में घायल की जान बचाना है। अक्सर देखा जाता है कि पैसों की कमी या कागजी कार्रवाई के चलते इलाज में देरी हो जाती है, जिससे घायल की जान पर बन आती है। इसे देखते हुए सरकार ने प्रावधान किया है कि दुर्घटना की तारीख से अगले 7 दिनों तक घायल का डेढ़ लाख रुपये तक का उपचार बिना किसी शुल्क के किया जाएगा।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि लाभ लेने के लिए मरीज या उसके परिजनों पर किसी भी तरह के पहचान पत्र या दस्तावेजों की सक्ती नहीं की गई है। इलाज पर होने वाला पूरा खर्च मोटर वाहन दुर्घटना कोष के माध्यम से वहन किया जाएगा।अमरावती जिले में आयुष्मान भारत और महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना से जुड़े कुल 40 अस्पतालों में इस योजना का लाभ लिया जा सकता है।
योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए अस्पताल प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। जिला कलेक्टर आशिष येरेकर और जिला शल्य चिकित्सक डॉ। विनोद पवार ने जिले के नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने और जागरूक रहने की अपील की है।