AAP की उम्मीदवार से गाली-गलौज, नामांकन वापस लेने के लिए दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार

Female Candidate Harassment: चांदूर रेलवे में AAP की महिला उम्मीदवार को मिली धमकी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार किया है।
AAP की उम्मीदवार से गाली-गलौज
AAP की उम्मीदवार से गाली-गलौज (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandur Railway Municipal Election: चांदूर रेलवे नगर परिषद चुनावों की सरगर्मी बढ़ते-बढ़ते अब तनाव का रूप लेने लगी है। इसी बीच चांदूर रेलवे के एक प्रभाग में आम आदमी पार्टी की 22 वर्षीय महिला उम्मीदवार को उसके ही घर में घुसकर गाली-गलौज करने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने की घटना सामने आई है। आरोपी ने धमकाया और कहा कि “तू चुनाव में खड़ी क्यों हुई? तुरंत नामांकन वापस ले, नहीं तो जान से मार दूंगा।” यह घटना 27 नवंबर की रात लगभग 8:30 से 8:40 बजे के बीच हुई।

इस मामले में चांदूर रेलवे पुलिस ने रात 11:45 बजे आरोपी रवि रामचंद्र कातोरे (निवासी चांदूर रेलवे) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती नगर परिषद चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही है।

बार-बार मिल रही थी धमकियां

उम्मीदवार बनने के बाद से आरोपी लगातार छोटी-बड़ी धमकियां दे रहा था, जिन पर युवती ने अभी तक विशेष ध्यान नहीं दिया था। 27 नवंबर को अंतिम सभा समाप्त कर जब वह घर लौटी तो उसके माता-पिता और बहन कार्यक्रम में गए हुए थे। घर की चाबी रखी हुई थी, दरवाजा खोलते ही पीछे से आरोपी घर में घुस आया। उसने युवती का हाथ गलत नीयत से पकड़ा और गंदी गालियां देते हुए नामांकन वापस लेने को कहा। युवती के चिल्लाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। युवती ने तत्काल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला उम्मीदवार को धमकाना लोकतंत्र पर हमला

शहर में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि महिला उम्मीदवार को धमकाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा हमला है और यह राजनीतिक दबाव बनाकर चुनाव प्रभावित करने का निंदनीय प्रयास है।

पुरुष उम्मीदवारों के बीच अकेली महिला उम्मीदवार

जिस प्रभाग से पीड़ित युवती चुनाव लड़ रही है, वहां वह एकमात्र महिला उम्मीदवार है, जबकि उसके खिलाफ तीन प्रमुख राजनीतिक दलों के पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं। इसी वजह से इस प्रभाग की चुनावी लड़ाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

“हमारे उम्मीदवारों को परेशान न किया जाए”:नितिन गवली

आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारी नितिन गवली ने कहा कि “चुनावी माहौल बनने के बाद से हमारे कई उम्मीदवारों को विरोधियों द्वारा परेशान किया जा रहा है। हम शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ रहे हैं। 27 नवंबर की यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। एक अन्य पुरुष उम्मीदवार को भी धमकियां मिल रही हैं। हमारे उम्मीदवारों को तंग न किया जाए।”

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com