Akola City: अकोला शहर को मुंबई और बल्हारशाह से सीधे जोड़ने के लिए लंबे समय से की जा रही मांग और लगातार प्रयासों को आखिरकार सफलता मिली है. इस संबंध में सांसद अनूप धोत्रे को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई से बल्हारशाह वाया अकोला नई रेलगाड़ी के परिचालन को मंजूरी दी गई है.
इस महत्वपूर्ण निर्णय से अकोला सहित विदर्भ के नागरिकों को मुंबई और अन्य क्षेत्रों तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी. यात्रा अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित बनेगी. साथ ही व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी. रेलवे मंत्रालय के इस सकारात्मक निर्णय से अकोला शहर और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
अब तक मुंबई जाने के लिए नागपुर या अन्य मार्गों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन नई ट्रेन से सीधा संपर्क स्थापित होगा. सांसद अनूप धोत्रे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है.