Akola News: वित्तीय वर्ष 202526 में गौण खनिज वसूली का लक्ष्य खनन विभाग को शासन की ओर से 130 करोड़ रुपये दिया गया था. लेकिन 31 मार्च तक विभाग ने केवल 101 करोड़ रुपये की वसूली की है. यानी 78 प्रतिशत वसूली तो हुई, पर लक्ष्य पूरा नहीं हो सका. इस वर्ष खनन विभाग उद्देश्यपूर्ति में असफल रहा है.
राज्य शासन के राजस्व और वन विभाग की ओर से हर वर्ष जिला प्रशासन को गौण खनिज पर स्वामित्व शुल्क वसूली का लक्ष्य दिया जाता है. इसके लिए गिट्टी खदानों और रेत घाटों का नीलाम किया जाता है, साथ ही मुरूम और अन्य गौण खनिज खदानों का भी नीलाम कर राजस्व जुटाया जाता है. इसके अतिरिक्त अवैध उत्खनन की घटनाएं भी होती हैं, जिन पर राजस्व और पुलिस प्रशासन कार्रवाई करता है और उससे भी राजस्व प्राप्त होता है.
इस वर्ष 130 करोड़ का लक्ष्य होने के बावजूद केवल 101 करोड़ की वसूली हुई. जिले के अधिकांश रेत घाटों की कई बार निविदा निकालने के बाद भी नीलामी नहीं हो सकी, जिससे वसूली पर असर पड़ा. जिले में तालुकानुसार वसूली अकोला 32 करोड़ 89 लाख. आकोट 24 करोड़ 98 लाख. तेल्हारा 1 करोड़ 65 लाख. बालापुर 2 करोड़ 29 लाख. पातुर 1 करोड़ 08 लाख. मुर्तिज़ापुर 16 करोड़ 04 लाख. बार्शीटाकली 17 करोड़ 56 लाख. जिला कार्यालय 5 करोड़ 12 लाख. कुल वसूली 101 करोड़ 64 लाख रुपये.