मलकापुर में 9 लाख के जाली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़; पुलिस पर हमले की कोशिश, 4 गिरफ्तार और एक आरोपी फरार
Maharashtra Crime News: मलकापुर में पुलिस ने जाली नोट खपाने वाले गिरोह को पकड़ा है। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर 1 लाख के बदले 9 लाख देने का लालच दिया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला भी हुआ।
Malkapur Fake Currency News: मलकापुर शहर में जाली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में करीब 9 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। जिला पुलिस अधीक्षक निलेश तांबे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा एलसीबी ने 6 अप्रैल को बस स्टैंड के पास स्वराज बेकरी परिसर में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। आरोपियों ने सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए लोगों को एक लाख के बदले नौ लाख रुपये देने का लालच देकर ठगने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने नकली ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और सौदा तय किया। तय स्थान पर पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से 500 रुपये के नोटों के 18 बंडल जब्त किए गए, जिनमें ऊपर असली नोट और अंदर नकली नोट पाए गए।
सम्बंधित ख़बरें
छत्रपति संभाजीनगर: बॉटनिकल उद्यान के नाले में बह रहा दूषित पानी, मनपा की दोहरी नीति पर भड़के लोग
मोदी सरकार के 12 साल पूरे, फडणवीस बोले- भारत अब गर्व और स्वाभिमान के साथ खड़ा
बारिश से पहले सभी काम पूरे करें: नागपुर मनपा ने बढ़ाई तैयारी की रफ्तार, आयुक्त के सख्त निर्देश
बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर पश्चिम रेलवे की बड़ी कार्रवाई, गोरेगांव-मालाड में हटे अवैध ढांचे
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसमें पीएसआई अविनाश जायभाये को मामूली चोट आई। इसी दौरान सागर तायडे नामक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में अमोल गोरे, भरत वानखेडे, अविनाश तायडे और चेतन पाटील शामिल हैं।
पीएसआई अविनाश अंबादास जायभाये की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक गणेश गिरी कर रहे हैं।
