

Akola Tribal Day Rally: अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर महान में निकाली गई रैली के दौरान पुलिस पर हमला कर सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पिंजर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को बार्शीटाकली प्रथम श्रेणी न्यायालय में पेश करने पर न्यायालय ने सभी को 13 अगस्त 2026 तक पुलिस हिरासत (पीसीआर) में भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर पिंजर थाना क्षेत्र के महान गांव में रैली निकाली गई थी। दोपहर करीब 2 बजे रैली के दौरान एसबीआई बैंक के सामने करीब 50 से 55 लोगों की भीड़ एकत्र हुई।
पुलिस का आरोप है कि इस भीड़ ने गैरकानूनी रूप से एकत्र होकर समान उद्देश्य से बंदोबस्त में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसी दौरान एक पुलिस उपनिरीक्षक पर जानलेवा हमला कर पत्थरों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसके अलावा बंदोबस्त में तैनात पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी पत्थरों और लात-घूंसों से मारपीट कर उन्हें घायल किया गया। घटना के संबंध में पुलिस कर्मचारी राजेश सावले, पुलिस स्टेशन पिंजर की लिखित शिकायत पर 10 अगस्त को पिंजर थाने में भा।न्या।सं। की विभिन्न धाराओं 109(1), 132, 121(1), 221, 189(2), 191(2), 191(3), 194(2), 351(3), 352 एवं 223 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने पिंजर थाने में तत्काल एक आरसीपी प्लाटून तथा उपविभाग से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश पंथरे (26), संतोष सुरलकर (32), उमेश डाखोरे (47), सागर पंधरे (20), अशोक शिरसाम (48), नीलेश उड़के (45), मदन कोकाटे (36), गोपाल कांबले (25), किसन गोदमले (25), प्रशांत उईके (28), सचिन वाघमारे (28), आशीष सयाम (31), महादेव डाखोरे (45), विशाल शेंडे (26), आकाश डाखोरे (20), कैलास झलके (50), अर्जुन टाले (39), बालाबाई डाखोरे (45), सविता ठोंबरे (55) और पंचफुला शेंडे (45) शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी वाल्पी, वस्तापुर, साल्पी, हातोला एवं निंभारा क्षेत्र के निवासी हैं। महिला आरोपियों बालाबाई डाखोरे, सविता ठोंबरे और पंचफुला शेंडे को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए सभी 20 आरोपियों को बार्शीटाकली के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपियों को 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एस अर्चित चांडक, एएसपी बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा मुर्तिजापुर की एसडीपीओ वैशाली मुले के मार्गदर्शन में पिंजर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी गजानन राठोड ने की। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन राठोड कर रहे हैं।