रांची में देर रात धरना स्थल पर क्यों पहुंची पुलिस? BJP MLA के हिरासत के दावों के बीच सामने आई असली वजह

Ranchi Protest: JPSC परीक्षा रद्द होने के बाद भी रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है। देर रात पुलिस टीम के धरनास्थल पहुंचने पर छात्रों को हटाने के आरोप लगे। हालांकि, पुलिस ने इन दावों को खारिज किया।
jharkhand ranchi students protest sp rana
रांची धरना स्थल पर देर रात पहुंची पुलिससौजन्य-IANS
Updated on

Jharkhand Ranchi Students Protest: रांची में JPSC परीक्षा रद्द करने के बाद भी घमासान रूकने का नाम नहीं ले रहा है। अनशन के 20 दिन पूरे हो चुके है। JPSC परीक्षा में अनियमितता के खिलाफ रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के धरना स्थल पर देर रात हलचल देखने को मिली। आरोप है कि अंधेरे में पुलिस के अधिकारी छात्रों को धरनास्थल से हटाने के लिए पहुंचे थे।

हालांकि, जैसे ही अधिकारियों के पहुंचने की खबर मिली तो भाजपा विधायक राज सिन्हा समेत कई नेता मौके पर पहुंच गए। अपनी मांगों को लेकर छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास अपना धरना दे रहे हैं। हालिया विधानसभा मार्च के बाद देर रात प्रदर्शन स्थल पर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां देखी गईं।

डिप्टी कमिश्नर ने दिया जवाब

रांची पुलिस की एक टीम देर रात छात्रों के विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंची। रांची के डिप्टी कमिश्नर मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि टीम "सिर्फ छात्रों से मिलने आई थी।" छात्र नेता कुणाल प्रताप सिंह ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन अब तक शांतिपूर्ण रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारियों को बिना वजह हटाना मंजूर नहीं होगा।

बताया गया कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना स्थल पर देर रात अधिकारियों, छात्र नेताओं और नेताओं के बीच बातचीत का दौर चला। इस दौरान, विधानसभा मार्च के दौरान हुए घटनाक्रम और छात्रों के आंदोलन को लेकर स्थिति पर चर्चा की गई। फिलहाल, छात्र अपनी मांगों को लेकर अब भी धरना स्थल पर डटे हुए हैं।

भाजपा विधायक ने लगाए आरोप

भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा, "हमें जानकारी मिली थी कि प्रशासन छात्रों को डराने-धमकाने आया था और रात में विरोध-प्रदर्शन वाली जगह को खाली कराने की कोशिश कर रहा था। हम यह देखने आए कि क्या हो रहा है।"

उन्होंने कहा कि प्रशासन को इतना कमजोर नहीं होना चाहिए कि वह अंधेरे की आड़ में छात्रों को हटाने की कोशिश करे। अगर वे छात्रों को हटाना चाहते हैं या कोई कार्रवाई करना चाहते हैं, तो उन्हें दिन के उजाले में आकर ऐसा करना चाहिए। रात में छात्र कहां जाएंगे?

jharkhand ranchi students protest sp rana
सड़क से संसद तक JPSC-JSSC पर हंगामा, छात्रों के आंदोलन से रांची में गरमाई सियासत; तस्वीरों में देखें

रांची एसपी ने दी जानकारी

इस मामले पर रांची सिटी SP पारस राणा ने बताया, कि "किसी को हिरासत में लेने के लिए कोई नहीं आया था। असल बात यह है कि इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर वीडियो वायरल करने के लिए वहां पहुंच गए थे। जब प्रशासन वहां पहुंचा तो उन्होंने इसका फायदा उठाया।"

हिरासत में लेने नहीं आई पुलिस

एसपी राणा ने आगे कहा, "ऐसी अफवाह फैलाई जा रही है कि हम लोगों को हिरासत में लेने आए हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। हम यहां किसी को हिरासत में लेने नहीं आए हैं। सुरक्षा इंतजामों के बारे में पत्थरबाजी की पिछली घटना के बाद कोर कमेटी के सदस्यों ने खुद कहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारे विरोध प्रदर्शन में बाधा डालने की कोशिश की। हम कुछ लोगों की पहचान की पुष्टि करने आए थे। यह पता लगाने के लिए कि वे कौन हैं? हमारी टीम छात्रों से बात करने आई थी। यहां की कोर कमेटी असल में लोगों की पहचान करने में पुलिस का सहयोग मांग रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अपराधी वहां न घूम रहा हो।"

Navbharat Live
navbharatlive.com