खोई हुई बैग मालिक को सुरक्षित लौटाई, सिटी कोतवाली पुलिस की सराहनीय कार्यवाही
अकोला की सिटी कोतवाली पुलिस ने अपनी तत्परता से खोई हुई कीमती बैग को अल्प समय में खोजकर उसके मालिक को लौटा दिया। इस कार्यवाही से जनता का पुलिस पर विश्वास और दृढ़ हुआ है।
Akola Crime: अकोला शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए खोई हुई कीमती बैग अल्प समय में खोजकर मूल मालिक को सुरक्षित लौटा दी. इस कार्यवाही से पुलिस विभाग पर जनता का विश्वास और अधिक दृढ़ हुआ है. 24 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता प्रियल बरालिया, निवासी पुणे, की बैग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में गुम हो गई थी.
बैग में डेढ लाख रुपये मूल्य का डेल कंपनी का लैपटॉप, 7 ग्राम सोने की अंगूठी और 5,000 रु. नकद राशि आदि कीमती सामान था. घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन के अपराध खोजी दल ने बिना समय गंवाए खोज अभियान शुरू किया. विभिन्न स्थानों पर जांच और खोज कार्य किया गया. पुलिस की मेहनत और सतर्कता से बैग संपूर्ण सामान सहित बरामद कर महिला को सुरक्षित लौटा दी गई.
इस सराहनीय कार्यवाही का संचालन पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और थानेदार संजय गवई के मार्गदर्शन में किया गया. इस खोज अभियान में पुलिस अंमलदार शैलेश घुगे और नीलेश भोजने ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके परिश्रम और तत्परता से ही बैग सुरक्षित रूप से बरामद की जा सकी. कैप्शन अकोला. महिला का कीमती सामान लौटाती हुई पुलिस.
