अकोला समेत कई तहसीलों में हुई बारिश, भीषण गर्मी और उमस से लोगों को मिली राहत
Heatwave Relief: अकोला जिले में पिछले दो महीनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद रविवार सुबह हुई तेज बारिश से तापमान गिरकर 40.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
- Written By: केतकी मोडक
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Akola Monsoon Pre Rain: पिछले करीब दो महीने से अकोला और उसके आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी अपना प्रचंड असर दिखा रही थी। इस बार अप्रैल महीने में तो यहां का अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। उसके बाद के दिनों में भी पारा लगातार 43 डिग्री सेल्सियस से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहा, जिससे नागरिक त्रस्त थे। हालांकि, शनिवार से तापमान में कुछ गिरावट आनी शुरू हुई थी और तापमान गिरकर 41.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था।
इसके बाद रविवार की सुबह अकोला शहर के गौरक्षण रोड, मलकापुर रोड तथा आसपास की बस्तियों में और इसी के साथ-साथ पुराना शहर की कुछ बस्तियों व अकोट रोड पर स्थित इलाकों में सुबह के समय कहीं 15 से 20 मिनट तो कहीं करीब आधे घंटे तक अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुबह 4 बजे से ही लगातार तेज हवाएं चलती रहीं, लेकिन थोड़े ही समय में बारिश बंद हो गई थी।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी रही सटीक
क्षेत्रीय मौसम विभाग द्वारा पहले ही शनिवार और रविवार को अकोला जिले में बारिश होने की संभावना दर्ज की गई थी। हालांकि शनिवार को दिनभर बिल्कुल बारिश नहीं हुई, लेकिन रविवार की सुबह तेज हवाओं के साथ हुई इस रिमझिम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत प्रदान की है। इसी तरह, रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
यवतमाल में 20.25 करोड़ की नियुक्ति डील का भंडाफोड़, केंद्रीय निगमों में पद दिलाने का झांसा देने वाले गिरफ्तार
ठाणे मनपा में 2,800 करोड़ के टीडीआर घोटाले पर घमासान; जून की महासभा में विपक्षी दलों ने दी हंगामे की चेतावनी
दान के नाम पर धन संग्रह, वर्धा में 21 महिलाएं और 7 बच्चे संरक्षण में; संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा
पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में जहरीली शराब से 23 की मौत, आबकारी विभाग एक्शन में, मृतकों को 5-5 लाख की मदद
दोपहर के समय भी ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिसके कारण लोगों को धूप की तेजी का बिल्कुल भी अहसास नहीं हुआ। मौसम काफी सुहावना और ठीक हो जाने की वजह से रविवार की शाम को शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ प्रमुख बाजारपेठ क्षेत्रों में भी आम लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी।
अकोट और तेल्हारा तहसील में भी मौसम हुआ ठंडा
अकोला जिले की अकोट तहसील से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अकोट शहर तथा उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह भले ही थोड़े समय के लिए ही सही, लेकिन बारिश होने से वातावरण काफी खुशनुमा हो गया है। लोगों को तीखी धूप और भीषण तपन से बड़ी राहत मिली है।
अकोट शहर में थोड़े समय तक पानी बरसने के बाद दोपहर के समय भी धूप में ज्यादा तेजी नहीं रही, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा, तेल्हारा तहसील में स्थित हिवरखेड़ क्षेत्र में भी थोड़ी बारिश होने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें:- MLC Election 2026: भंडारा-गोंदिया में उम्मीदवारों पर सस्पेंस बरकरार, महायुति और कांग्रेस की रणनीति पर नजर
बालापुर और पातुर में हुई बूंदाबांदी, यहां नहीं बरसे बादल
जिले के बालापुर शहर में भी रविवार सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी होने की जानकारी मिली है। इसके साथ ही पातुर तहसील में भी कुछ जगहों पर केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई है। अकोला तहसील के अंतर्गत आने वाले कुछ चुनिंदा स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई है।
दूसरी ओर, जिले की मुर्तिजापुर तथा बार्शीटाकली तहसील में इस दौरान बारिश होने की कोई भी जानकारी नहीं मिली है। कुल मिलाकर, इस मानसून पूर्व बारिश ने अकोला वासियों को दो महीने से जारी लू के थपेड़ों से सुरक्षित कर बड़ी राहत दी है।
