Akola Crime News: अकोला शहर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र के शिवनी परिसर में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिषेक गवई के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक गवई रात में भोजन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बाबासाहब आंबेडकर चौक के पास पंचशील किराना दुकान के समीप 3 से 4 अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में घर पहुंचने का प्रयास करते समय उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुराने विवाद के चलते की गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा और एमआईडीसी पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके के नेतृत्व में टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी रेलवे के माध्यम से फरार होने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को ट्रेन में चढ़ने से पहले ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयोग सावद (20) और गणेश सोनी (20), दोनों निवासी शिवनी, के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।