अकोला: RTE प्रवेश के लिए 2056 सीटों पर 4408 आवेदन, अंतिम तिथि 18 मार्च तक बढ़ी

Akola RTE Admission News: अकोला जिले में RTE के तहत 185 स्कूलों की 2056 सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। शिक्षा विभाग ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 मार्च कर दी है। आवेदन में गूगल लोकेशन अनिवार्य है।
RTE admission deadline in Akola extended to March 18, 2026. With over 4400 applications for 2056 seats, the education dept issues strict guidelines for online forms.
RTE Last Date Extended (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akola RTE Application Last Date News: आरटीई (शिक्षा का अधिकार) अधिनियम के अंतर्गत 25 प्रश कोटे से अंग्रेजी माध्यम की शालाओं में सर्वसामान्य परिवारों के विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश देने की प्रक्रिया जिले में शुरू की गई है। इस हेतु जिले की 185 शालाओं ने पंजीकरण किया है। जिले में कुल 2056 सीटें उपलब्ध हैं, जिनके लिए अब तक 4408 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

आवेदन की अंतिम तिथि पहले 10 मार्च थी, किंतु इसे बढ़ाकर अब 18 मार्च कर दिया गया है। तिथि बढ़ाए जाने से अभिभावकों को अतिरिक्त समय मिला है। उपलब्ध सीटों की तुलना में दोगुना से अधिक आवेदन आने से  प्रवेश प्रक्रिया में कड़ी प्रतिस्पर्धा होना तय है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, सभी आवेदनों की छानबीन और पडताल की जाएगी, जिसके बाद प्रवेश का विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश की विभिन्न चरणों में ड्रा प्रक्रिया आयोजित होगी। आरटीई के अंतर्गत पहली से आठवीं कक्षा तक निःशुल्क प्रवेश दिया जाता है

विशेष प्रावधान और दस्तावेज़

दिव्यांग बच्चों के लिए 40 प्रश या उससे अधिक का प्रमाणपत्र आवश्यक होगा। इस वर्ष निवास प्रमाण के रूप में गैस बुक स्वीकार नहीं की जाएगी, जबकि बैंक पासबुक केवल राष्ट्रीयकृत बैंकों की ही मान्य होगी। लोकेशन की त्रुटि से बचने के लिए गूगल मैप से प्राप्त लेटीट्यूड और लॉगीट्यूड आवेदन में दर्ज करना चाहिए, दिव्यांग बच्चों की जन्मतिथि संबंधी समस्या होने पर तुरंत rtemah2020<\@gmail।com पर ईमेल भेजने का निर्देश दिया गया है।

ऑनलाइन आवेदन में सावधानी बरतें

ऑनलाइन आवेदन की स्थिति देखते समय सर्वर पर अधिक भार होने से पोर्टल धीमा हो सकता है। ऐसे में अभिभावकों से अपील की गई है कि वे भ्रमित न हों और कुछ समय बाद पुनः प्रयास करें। आवेदन भरते समय निवास का पूरा पता और गूगल लोकेशन ध्यानपूर्वक दर्ज करना आवश्यक है। जन्म प्रमाणपत्र पर अंकित जन्मतिथि ही लिखी जाए, क्योंकि एक बार दर्ज की गई जन्मतिथि बदली नहीं जा सकती। इस वर्ष केवल 1 किमी दूरी तक की शालाएं उपलब्ध होंगी और सभी आवश्यक दस्तावेज आवेदन के साथ अपलोड करना अनिवार्य होगा।

यदि आवेदन में त्रुटि हो तो पहला आवेदन सबमिट करने से पहले उसे हटाकर नया आवेदन भरना चाहिए, एक ही बच्चे के लिए दो आवेदन भरने पर दोनों आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे। आवेदन क्रमांक, मोबाइल नंबर और आवेदन की प्रति लॉटरी प्रक्रिया तक सुरक्षित रखना आवश्यक है। गलत या झूठी जानकारी पाए जाने पर प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा, पासवर्ड भूलने पर रिकवर पासवर्ड विकल्प से नया पासवर्ड बनाया जा सकता है। आरटीई आवेदन की अंतिम तिथि 18 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com