Akola Crime News: अकोला जिले में गोवंशों की अवैध तस्करी और अवैध कत्ल की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गोवंशों को मुक्त कराया और 13 लाख 77 हजार रुपये का माल जब्त किया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत रामदासपेठ थाना क्षेत्र के मच्छी मार्केट स्थित कत्लखाना परिसर और अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां गाय, बैल और बछड़े सहित 32 गोवंश निर्दयता से बंधे हुए पाए गए।
पुलिस ने सभी गोवंशों को मुक्त कर आदर्श गौसेवा संस्था में उपचार और देखरेख के लिए भेजा। इस दौरान विभिन्न स्थानों से गोवंश और वाहनों सहित कुल 13,77,000 रुपये का माल जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों के खिलाफ रामदासपेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में अब्दुल रहीम कुरेशी, जावेद खान कुरेशी, मोहम्मद मोसीन, फिरोज कुरेशी, शहजाद कुरेशी उर्फ सज्जु कुरेशी, शेख फैयाज शेख महेबुब और शेख मोबीन कुरेशी शामिल हैं, जिनसे अलग-अलग संख्या में गोवंश बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल, स्थानीय अपराध शाखा प्रमुख शंकर शेलके, पुलिस निरीक्षक शिरीष खंडारे, सहायक पुलिस निरीक्षक विजय चव्हाण सहित अन्य अधिकारी और आरसीपी पथक के सदस्य शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अवैध तस्करी और गोवंशों के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।