Akola News: अस्वच्छता फैलाने वालों पर मनपा की कार्रवाई स्वच्छता विभाग ने वसूला 18,600 रुपये का जुर्माना अकोला, ब्यूरो. शहर की स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अकोला महानगरपालिका आयुक्त डा. सुनील लहाने के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया गया.
इस दौरान मनपा के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण क्षेत्र में ज़ोनवार कार्रवाई करते हुए उन नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया, जिन्होंने कचरा घंटा गाड़ी का उपयोग न कर परिसर में अस्वच्छता फैलाई. मनपा स्वच्छता विभाग ने कुल 18,600 रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिक और व्यापारी अपने घरों व प्रतिष्ठानों से निकलने वाला गीला और सूखा कचरा अलगअलग इकट्ठा करें और उसे केवल मनपा की कचरा घंटा गाड़ी में ही डालें. परिसर या अन्यत्र कचरा फेंकने से बचें और अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखें. मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और नियमों का पालन कर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दें.