Akola Municipal Corporation News: अकोला महानगरपालिका प्रशासन द्वारा बकाया संपत्ति कर वसूली को गति देने के लिए लागू की गई शास्ती अभय योजना को नागरिकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिल रहा है। इसी पृष्ठभूमि में मनपा आयुक्त डा. सुनील लहाने के आदेशानुसार इस योजना की अवधि 20 मार्च तक बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
इस विस्तार से शहर के हजारों संपत्ति धारकों को बड़ी राहत मिलेगी और कर वसूली में भी तेजी आएगी। महानगरपालिका ने नागरिकों को आर्थिक रूप से सुविधाजनक तरीके से कर भरने का अवसर देने हेतु 14 फरवरी से 31 मार्च तक तीन चरणों में योजना लागू की थी। पहले चरण में नागरिकों ने बड़ी संख्या में कर भरकर सहभागिता दिखाई।
इसी कारण दूसरे चरण में 100 प्रश शास्ती माफी की अवधि बढ़ाई गई है। प्रशासन के अनुसार इस निर्णय से कर बकाया कम करने में भी मदद मिलेगी। जानकारी के अनुसार चरण 2 9 से 20 मार्च में इस अवधि में कर भरने पर शास्ती की रकम में 100 छूट मिलेगी।
जब कि चरण 3 21 से 31 मार्च में इस अवधि में कर भरने पर शास्ती की रकम में 90 छूट दी जाएगी। साथ ही डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहन देने के लिए ऑनलाइन कर भुगतान करने पर सामान्य कर पर अतिरिक्त 3 प्रश छूट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मनपा अतिरिक्त आयुक्त सुमेध अलोने और उपायुक्त विजय पारतवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस शास्ती माफी के अवसर का लाभ उठाकर बकाया तथा चालू वर्ष का संपत्ति कर एकमुश्त भरें और प्रशासन को सहयोग दें।
इस निर्णय से न केवल नागरिकों को आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि मनपा की कर वसूली भी सुदृढ़ होगी। प्रशासन का मानना है कि इस योजना से शहर के विकास कार्यों के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध होगी और नागरिकों का सहयोग प्रशासन को और अधिक मजबूत बनाएगा।